India vs New Zealand, ODI Series: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 18 जनवरी 2023 से 3 मैच की एकदिवसीय सीरीज का आगाज होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज वनडे विश्व कप के लिहाज से यूं तो टीम इंडिया के लिए काफी अहम है, लेकिन विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए निजी उपलब्धियों में बढ़ोतरी करने को लेकर भी खास रहेगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली की नजर सचिन तेंदुलकर का एक और बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने पर होगी। वहीं, रोहित शर्मा के पास भी महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ने का मौका होगा।
विराट कोहली एकदिवसीय मुकाबलों में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में अभी दूसरे नंबर पर हैं। पहले नंबर पर महान सचिन तेंदुलकर हैं। सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ 42 वनडे इंटरनेशनल में 46.05 के औसत से 1750 रन बनाए थे। इसमें उनके 5 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं।
विराट कोहली (Virat Kohli) न्यूजीलैंड (New Zealand) के खिलाफ लगा चुके हैं 5 वनडे शतक
विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक 26 वनडे इंटरनेशनल में 59.91 के औसत से 1378 रन बनाए हैं। विराट कोहली भी न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 शतक और 8 अर्धशतक लगा चुके हैं। यदि आगामी सीरीज के दौरान विराट कोहली एक और शतक और एक और अर्धशतक लगाते हैं तो वह सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।
विराट कोहली यदि सीरीज में दो शतक लगाते हैं तो वह न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। अभी यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम है। सहवाग ने 23 वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 शतक लगाए थे।
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को एमएस धोनी (MS Dhoni) को पीछे छोड़ने के लिए चाहिए 238 रन
रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीयों में 9वें नंबर पर हैं। रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक 24 वनडे में 33.47 के औसत से 703 रन बनाए हैं। इसमें उनका एक शतक और 4 अर्धशतक भी शामिल है।
रोहित (Rohit Sharma) न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में यदि 238 रन और बना लेते हैं तो वह महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) को पीछे छोड़ते हुए 7वें नंबर पर पहुंच जाएंगे। एमएस धोनी ने अपने वनडे करियर के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ 28 मैच में 49.47 के औसत से 940 रन बनाए थे। अभी 8वें नंबर पर अजय जडेजा हैं। अजय जडेजा ने 28 वनडे में 43.57 के औसत से 828 रन बनाए थे।
न्यूजीलैंड (New Zealand) के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल (One Day International) में 4 साल से नहीं टीम इंडिया (Team India)
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 1975 से अब तक 113 एकदिवसीय मैच खेले गए हैं। इसमें से टीम इंडिया ने 55 में जीत हासिल की, जबकि 50 में उसे हार झेलनी पड़ी है। एक मैच टाई रहा और 7 का परिणाम नहीं निकल पाया। जनवरी 2022 से अब तक दोनों के बीच 3 एकदिवसीय मैच खेले गए हैं। इसमें भारतीय टीम एक में भी जीत हासिल नहीं कर पाई है।
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में आखिरी जीत 3 फरवरी 2019 को हासिल की थी। इसके बाद से दोनों के बीच 8 वनडे मैच खेले गए और भारतीय टीम एक बार भी नहीं जीत पाई और पांच मैच गंवाए।