न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने रविवार (8 मार्च) को होने वाले टी20 विश्व कप फाइनल से पहले कहा कि भारत जैसी क्रिकेट महाशक्ति को टक्कर देना ही उनके देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। फिलिप्स ने दोनों टीमों के बीच अंतर दर्शाने के लिए यह बात। न्यूजीलैंड की आबादी 50 लाख से थोड़ी ज्यादा है जबकि अहमदाबाद की ही आबादी उससे 40 लाख ज्यादा है, जहां यह मुकाबला होगा।

भारत की जनसंख्या 1.4 अरब से अधिक है। भारत के पास प्रतिभा का विशाल भंडार है और देश आसानी से इतनी मजबूत कई टीमें बना सकता है। फिलिप्स ने नरेंद्र मोदी स्टेडिमय में न्यूजीलैंड के ट्रेनिंग सत्र के दौरान कहा, ‘निश्चित रूप से हमारे पास चुनने के लिए कम लोग हैं इसलिए हमारा ‘हाई परफॉरमेंस’ कार्यक्रम बहुत ही विशेष और हमारी आबादी के अनुसार है।’

भारत पर मानसिक दबाव डालने का प्रयास

न्यूजीलैंड की आबादी लगभग 5.36 मिलियन (53.6 लाख) है, जो अकेले अहमदाबाद शहर की आबादी से लगभग 40 लाख कम है। अहमदाबाद की अनुमानित आबादी लगभग 93 लाख है। फिलिप्स का यह बयान भारत के ऊपर थोड़ा मानसिक दबाव डालने वाला भी माना जा सकता है क्योंकि भारतीय टीम एक अरब से अधिक प्रशंसकों की उम्मीदों के साथ फाइनल खेलेगी।

भारत तीन टीमें बन सकता है

फिलिप्स ने कहा, ‘भारत से निकलने वाली प्रतिभा असाधारण है। संभवत: वे तीन टीमें बना सकते हैं जो विश्व कप में समान रूप से मुकाबला कर सकती हैं, लेकिन हमारी इतनी छोटी आबादी वाले देश के लिए दुनिया की बड़ी टीमों को टक्कर देना ही शानदार है।’ बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप में 3 मैच हुए हैं। एक भी मैच में भारत नहीं जीता है। 2007, 2016 और 2021 में उसे न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप: फाइनल में भारत की होगी सबसे बड़ी परीक्षा, न्यूजीलैंड के खिलाफ कभी नहीं मिली जीत