टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में 24 घंटे से कम का समय बाकी है, लेकिन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की प्लेइंग 11 को रहस्य गहरा गया है। फाइनल से एक दिन पहले शनिवार (7 मार्च) को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पत्ते खोलने से साफ मना कर दिए, लेकिन उन्होंने दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती का बचाव किया। वरुण का पिछले कुछ मैचों में प्रदर्शन काफी साधारण रहा है।

इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में मिस्ट्री स्पिनर ने 4 ओवर में 16 की इकॉनमी से रन दे दिए थे। इसके बाद से यह बहस जारी है कि वरुण की जगह कुलदीप यादव को खिलाना चाहिए या नहीं। सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भले ही वरुण चक्रवर्ती का बचाव किया हो, लेकिन भारतीय टीम के अभ्यास सत्र से कुलदीप यादव के खेलने के संकेत मिले।

सूर्या, गंभीर और अगरकर की लंबी चर्चा

अभ्यास सत्र के दौरान वरुण चक्रवर्ती ने ज्यादातर समय अकेले ही बिताया। तमिलनाडु के इस स्पिनर ने कुछ सिंगल विकेट पर गेंदबाजी की। गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल नेट्स के पीछे से उन्हें ध्यान से देख रहे थे। इस दौरान सूर्यकुमार, हेड कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर थोड़ी दूर पिच के पास खड़े होकर बातें कर रहे थे।

कुलदीप और तिलक ने की गेंदबाजी

थोड़ी देर बाद वरुण चक्रवर्ती वापस आए और चुपचाप एक नीले आइस बॉक्स पर बैठ गए और कुलदीप और तिलक वर्मा को पास के नेट पर बारी-बारी से गेंदबाजी करते हुए देखने लगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ वरुण के खेलने पर रहस्य बना हुआ है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में लगभग नौ रन प्रति ओवर की इकॉनमी से गेंदबाजी की है। इसमें इंग्लैंड के खिलाफ एक मैच में 64 रन देना भी शामिल है।

वरुण का सूर्या ने किया बचाव

वरुण की जगह कुलदीप को लाना भी कोई आसान फैसला नहीं होगा। चाइनामैन गेंदबाज ने टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच खेला है और डेरिल मिचेल का उनके खिलाफ हमेशा अच्छा रिकॉर्ड रहा है। ग्लेन फिलिप्स के खिलाफ भी उनके आंकड़े अच्छे नहीं है। सूर्यकुमार ने वरुण का बचाव करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘वरुण का फॉर्म चिंता का विषय नहीं है। हमने एकजुट प्रदर्शन करके मैच जीता है और एक बार मैच जीतने के बाद आपको ज्यादा नहीं सोचना चाहिए। अगर आपके पास 11 खिलाड़ी हैं तो हर कोई हर दिन अच्छा प्रदर्शन नहीं करेगा।’

लगता है आज ही सब कुछ जानना चाहते हैं

सूर्यकुमार ने कहा, ‘उतार-चढ़ाव आते रहेंगे और उस खिलाड़ी की भरपाई करने के लिए दूसरे खिलाड़ी भी होंगे। मुझे वरुण को लेकर कोई चिंता नहीं है क्योंकि वह दुनिया के नंबर 1 गेंदबाज हैं। वह जानते हैं कि बड़े मौकों पर अपना खेल कैसे बेहतर करना है और अपनी टीम के लिए मैच कैसे जीतना है। मुझे यकीन है कि वह हमारे लिए फाइनल में अच्छा करेंगे।’ क्या भारत खिताबी मुकाबले के लिए प्लेइंग 11 में बदलाव करेगा? सूर्यकुमार ने हंसते हुए कहा, ‘कल खुद देख लेना। लगता है आज ही सब कुछ जानना चाहते हैं।’

यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल: न्यूजीलैंड ने ‘डॉनी बॉल’ से की अभ्यास की शुरुआत, सैंटनर ने की लंबी गेंदबाजी

पीटीआई इनपुट से खबर