अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल रविवार (8 मार्च) को खेला जाएगा तो भारतीय टीम खिताब जीतकर कई मिथकों को तोड़ना चाहेगी। 19 साल के इतिहास में कोई भी मेजबान टीम टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीती है। कोई भी टीम लगातार दूसरी बार खिताब नहीं जीती है। हालांकि, भारतीय टीम सेमीफाइनल में ही एक मिथक तोड़ चुकी है। पहली बार ऐसा हुआ कि कोई डिफेंडिंग चैंपियन टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है, लेकिन जहां तक खिताब जीतने की बात है तो सूर्यकुमार यादव की टीम की राह बिल्कुल भी आसान नहीं होने वाली है। उसका सामना उस न्यूजीलैंड की टीम है, जिसने अतीत में भारतीय टीम को खूब दर्द दिए हैं।
पिछले मार्च के ही महीने में इस दर्द पर थोड़ा मरहम लगा था जब भारतीय टीम ने कीवियों को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने भले ही कहा हो कि वह नरेंद्र मोदी स्टेडियम में घरेलू टीम के दर्शकों का दिल तोड़ना चाहते हैं, लेकिन राह उनके लिए भी आसान नहीं होने वाली है। भारत पर खिताब प्रबल दावेदार होने का दबाव है तो न्यूजीलैंड की टीम पर चोकर्स के तमगे के बचने का प्रेशर है। कीवी टीम ने पिछले 11 साल में पांचवीं बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है, लेकिन उसने सफलता का स्वाद केवल एक बार ही चखा है। इसी रिकॉर्ड के कारण साउथ अफ्रीका के दिग्गज डेल स्टेन ने कहा कि अगर न्यूजीलैंड खिताब नहीं जीता तो उसे चोकर्स का टैग दिया जाना चाहिए।
न्यूजीलैंड ने भारत को ही हराकर जीते हैं दो आईसीसी खिताब
भारत के लिए महा-मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम के लिए टॉनिक का काम 2021 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब कर सकता है। इंग्लैंड में न्यूजीलैंड ने भारत को ही हराकर यह खिताब जीता था। कीवी टीम के कैबिनेट में यह मात्र दूसरा आईसीसी खिताब था। इससे पहले उसने 2000 में भारत को ही हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। तब इसे आईसीसी नॉकआउट ट्रॉफी के नाम से जाना जाता था। न्यूजीलैंड के पक्ष में एक बात यह है कि वह एकमात्र टीम है जो टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ अजेय है। दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले हुए हैं। तीनों न्यूजीलैंड ने जीता है।
19 नवंबर नहीं होना चाहिए रिपीट
भारतीय टीम के लिए अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अनुभव कड़वा ही रहा है। 150 करोड़ की आबादी वाला देश 19 नवंबर 2023 का दिन नहीं भूल सकता। 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था, लेकिन फाइनल में उसे ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था। वह मुकाबला इसी नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम अजेय रही थी। 2026 में उसका यह अजेय रथ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही रुका था। साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 में हराया था। 8 मार्च को भारतीय मैदान पर उतरेगी तो वह और फैंस चाहेंगे कि 19 नवंबर रिपीट न हो। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में टी20 इंटरनेशनल की सबसे सफल टीम बनने का गौरव प्राप्त हो।
भारत इतिहास रचने से एक कदम दूर
भारतीय टीम इतिहास रचने से एक कमद दूर है। अगर वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतती है तो वह इस फॉर्मेट की सबसे सफल टीम बन जाएगी क्योंकि वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने भी यह खिताब जीता है। भारतीय टीम चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है। 2007 और 2024 में उसने खिताब जीता। 2014 में उसे श्रीलंका से हार का सामना करना पड़ा था।
भारत-न्यूजीलैंड मुकाबले से क्या उम्मीद की जाए
अहमबाद में हाई स्कोरिंग मैच होने की उम्मीद है, जिस तरह से मुंबई में दूसरे सेमीफाइनल में हुआ था। लाल और काली मिट्टी की मिक्स पिच पर यह मैच होगा, जो बल्लेबाजी के लिए मुफिद होगी। इससे भारतीय टीम के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत का बेहतर मौका होगा।
भारतीय टीम की प्लेइंग 11
भारतीय टीम के 250 का आंकड़ा पार करने के बावजूद सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ केवल 7 रन से जीत के बाद वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा की जगह कुलदीप यादव और रिंकू सिंह को लाने की मांग उठी है। भारतीय टीम के अभ्यास सत्र में रिंकू के खेलने के संकेत मिले हैं।
भारत की संभावित प्लेइंग 11
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, इशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती/कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11
ईडन गार्डन की पिच पर ईश सोढ़ी की जगह जेम्स नीशम को खिलाने के बाद न्यूजीलैंड अहमदाबाद में बगैर बदलाव के उतर सकता है, क्योंकि इस टी20 वर्ल्ड कप में बैटिंग की गहराई काफी अहम साबित हो रही है।
न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग 11
टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सेंटनर (कप्तान), कोल मैककॉन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन।
यह भी पढ़ें: ‘कुछ तो नया बोलो’, मिचेल सैंटनर को सूर्यकुमार यादव ने दिया जवाब
