टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में गुरुवार (6 मार्च) को भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई, लेकिन सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम की चिंता कम नहीं हुई है। भारत को 8 मार्च को फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ना है। इससे पहले सूर्या और कोच गौतम गंभीर को भारत की प्लेइंग 11 को लेकर बड़ा फैसला लेना होगा। भारत के चिंता के कारण दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और नंबर-1 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती हैं।

वानखेड़े में जब भारत और इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की तब अभिषेक शर्मा सस्ते में पवेलियम लौट गए। उन्होंने 7 गेंद पर 9 रन बनाए। अभिषेक इस पूरे टूर्नामेंट में फ्लॉप रहे हैं। वह सिर्फ जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक लगा पाए हैं। वहीं वरुण चक्रवर्ती ने इंग्लैंड के खिलाफ 4 ओवर में 64 रन दे दिए। वरुण भी पीछे कुछ मैचों से संघर्ष करते दिखे हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल से पहले भारतीय टीम को यह फैसला लेना है कि अभिषेक और वरुण पर भरोसा जताया जाए या नहीं।

भारतीय टीम के पास विकल्प

भारतीय टीम के पास विशुद्ध बल्लेबाज के तौर पर रिंकू सिंह जैसा विकल्प है। इसके अलावा वाशिंगटन सुंदर ऑलराउंडर के तौर पर विकल्प हैं। गेंदबाजी की बात करें तो मोहम्मद सिराज तेज गेंदबाज और कुलदीप यादव स्पिन के विकल्प हैं। भारत की प्लेइंग 11 में बदलाव होता है तो अभिषेक की जगह रिंकू को मौका मिल सकता है। संजू सैमसन के साथ इशान किशन पारी की शुरुआत कर सकते हैं।

अभिषेक और वरुण लंबे समय से फेल

वरुण चक्रवर्ती की जगह कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है। हालांकि, फाइनल जैसे मुकाबले में टीमें विनिंग कॉम्बिनेशन से छेड़छाड़ करने से बचती हैं, लेकिन अभिषेक और वरुण लंबे समय से फेल हो रहे हैं। ऐसे में प्लेइंग 11 में बदलाव हो या न हो सूर्यकुमार और गंभीर की आलोचना तय है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11

अभिषेक शर्मा/रिंकू सिंह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती/कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह।

यह भी पढ़ें:  वानखेड़े में 240 गेंद पर 499 रन बने, जसप्रीत बुमराह का ओवर साबित हुआ टर्निंग पॉइंट