गुरुवार 26 जनवरी 2023 की सुबह भारतीय टी20 टीम (Indian T20 Team) के कप्तान हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) ने भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं। हार्दिक पंड्या ने धोनी के साथ उनकी पुरानी बाइक पर तस्वीरें साझा करने के लिए सोशल मीडिया (Social Media) का सहारा लिया। इसके कैप्शन में हार्दिक पंड्या ने लिखा, ‘शोले 2 जल्द आ रही है।’ तस्वीरों में हार्दिक, एमएस धोनी की विंटेज बाइक (Vintage Bike) में से एक में बैठे हुए थे। ये तस्वीरें एमएस धोनी (MS Dhoni) के रांची स्थित घर की हैं। भारतीय टीम (Indian Cricket Team) को न्यूजीलैंड (New Zealand) के खिलाफ तीन मैच की सीरीज का पहला टी20 रांची में 27 जनवरी 2023 को ही खेलना है।
हार्दिक पंड्या के तस्वीरें पोस्ट करने के तुरंत बाद प्रशंसकों ने इस पर प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता और राज्यसभा सदस्य प्रफुल्ल पटेल की बेटी पूर्णा पटेल (Poorna Patel) ने कमेंट किया। पूर्णा पटेल, महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी सिंह की दोस्त हैं। पूर्णा पटेल ने लिखा, ‘इस वीरू की बसंती नहीं नाचेगी।’ इसके बाद उन्होंने हंसने वाली इमोजी शेयर की और पोस्ट को साक्षी सिंह धोनी को भी टैग किया। स्पोर्ट्स एंकर जतिन सप्रू ने लिखा, ‘ब्रिगेडियर सूर्या प्रताप की एम्बेस्डेर भी है पीछे।’ जतिन ने भी हंसने वाली इमोजी पोस्ट की।
तस्वीरों को शेयर करने के लिए हार्दिक का शुक्रिया अदा करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘थैंक यू हार्दिक भाई एमएस को दिखाने के लिए।’ एक यूजर ने लिखा, ‘आह! क्या अच्छी सुबह है,’ जबकि दूसरे ने कमेंट किया, ‘एक फ्रेम में दो सुपरस्टार।’ ऐसे ही और बहुत से लोगों ने हार्दिक पंड्या की पोस्ट पर कमेंट्स किए हैं। नीचे पोस्ट में आप भी हार्दिक और धोनी की जुगलबंदी देख सकते हैं और कमेंट्स पढ़ सकते हैं।
शुक्रवार को सीरीज का पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने के लिए टीम इंडिया बुधवार 25 जनवरी 2023 को महेंद्र सिंह धोनी के गृहनगर रांची पहुंची। रोहित शर्मा की अगुआई वाली मेन इन ब्ल्यू इससे पहले एकदिवसीय सीरीज में कीवियों के खिलाफ 3-0 के अंतर से जीत हासिल की थी। अब भारत की टी20 टीम के लिए सबसे छोटे प्रारूप में मिचेल सैंटनर की अगुआई वाली न्यूजीलैंड की टीम से आगे निकलने का समय आ गया है।