भारत के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को बड़ा झटका लगा है। रचिन रविंद्र और मार्क चैपमैन समय पर चोट से न उबर पाने के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। एमआरआई स्कैन से पता चला है कि चैपमैन की बाईं हैमस्ट्रिंग को ठीक होने के लिए दो और हफ्तों के रिहैबिलिटेशन की जरूरत है, जबकि रविंद्र के दाहिने कंधे को पूरी तरह से ठीक होने के लिए और समय चाहिए।
न्यूजीलैंड ने अब टिम सीफर्ट को पूरी सीरीज के लिए टीम में शामिल कर लिया है। वह पहले आखिरी दो वनडे मैचों के लिए टीम का हिस्सा थे। हेनरी निकोल्स को पहले तीन मैचों के लिए टीम में लाया गया है। इंडिया ए के खिलाफ 4 दिवसीय टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड टीम के हिस्सा डीन फॉक्सक्रॉफ्ट आखिरी दो वनडे मैचों के लिए टीम से जुड़ेंगे।
प्रोमो शूट के दौरान रविंद्र के कंधे में चोट लगी थी
सितंबर में एक प्रोमो शूट के दौरान रविंद्र के कंधे में चोट लग गई थी, जबकि चैपमैन को यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में हैमस्ट्रिंग टियर हो गया था। निकोल्स की वापसी ऐसे समय पर हुई है जब उन्होंने शनिवार को फोर्ड ट्रॉफी में कैंटरबरी के लिए ओपनिंग करते हुए 119 रन बनाए। वह 92 वनडे मैच खेल चुके हैं और जुलाई में वेस्टइंडीज के न्यूजीलैंड दौरे का भी हिस्सा थे।
मैट हेनरी का फिटनेस टेस्ट होगा
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के बीच से ही बाहर हुए मैट हेनरी सोमवार (2 नवंबर) को वनडे टीम से जुड़ गए। उनका फिटनेस टेस्ट होगा। शुरुआत में आखिरी दो मैचों के लिए चुने गए मैथ्यू फिशर अब पूरी सीरीज के लिए एक अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प के तौर पर टीम से जुड़े रहेंगे। पहला वनडे बुधवार (4 नवंबर) को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा।
भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की अपडेटेड वनडे टीम
पहले तीन वनडे
मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैथ्यू फिशर, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग, ब्लेयर टिकनर।
आखिरी दो वनडे
मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैथ्यू फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, विल यंग।
भारत-न्यूजीलैंड T20I सीरीज के बाद टॉप-10 बैटर-बॉलर
भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने में ग्लेन फिलिप्स कामयाब रहे और उन्होंने 5 मैचों में 341 रन बनाए जबकि इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर अभिषेक शर्मा रहे जिन्होंने 5 मैचों में 197 रन बनाए। पूरी खबर पढ़ें।
