IND vs NZ: भारतीय क्रिकेट टीम सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 5 मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ तिरुअनंतपुरम में शनिवार को उतरेगी। इस टी20 सीरीज में 3-1 से आगे चल रही टीम इंडिया आखिरी मैच को जीतकर सीरीज को 4-1 के अंतर के साथ समाप्त करना चाहेगी।
भारत ने हर खिलाड़ी को दिया मौका
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले 4 मैचों में जमकर प्रयोग किए हैं और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को आजमाया जा चुका है। भारत ने अपने हर तरह के कांबिनेशन को ट्राई किया है और आईसीसी के इस बड़े इवेंट के लिए टीम को हर परिस्थिति के लिए तैयार करने की पूरी कोशिश भारतीय टीम मैनेजमेंट ने की है।
चौथे मैच में किया प्रयोग रहा था असफल
अब तक हुए मुकाबलों में से भारत को चौथे मैच में हार मिली थी और भारतीय टीम ने इस मैच में 5 गेंदबाजों और 6 बल्लेबाजों के साथ मैदान पर उतरने का फैसला किया था जो सही साबित नहीं हो सका था, यानी वर्ल्ड कप में ये कांबिनेशन भारत के लिए घातक साबित हो सकता है और ये बात प्रूफ हो भी चुकी है। यानी उम्मीद है भारत इस कांबिनेशन के साथ कम से कम नहीं उतरेगा।
संजू को फॉर्म में आने के लिए देना चाहिए मौका
अब बात करते हैं 5वें टी20 मैच की जहां कौन ओपन करेगा इस पर बहस है क्योंकि संजू सैमसन पिछले 4 मैचों में चले नहीं तो वहीं इशान किशन ने नंबर 3 पर अच्छा किया। इसके बाद कई पूर्व भारतीय खिलाड़ियों ने मांग कर दी है कि संजू को बिठाकर इशान से ओपन करवाया जाए, लेकिन ये शायद अच्छा नहीं होगा। कारण ये है कि अगर संजू को पांचवें मैच में मौका मिलता है और वो चल गए तो उनका आत्मविश्वास वापस आ जाएगा और ये विश्व कप के लिहाज से भारत के लिए काफी अच्छा होगा।
अभिषेक शर्मा को रेस्ट दिया जाए
पांचवें मैच में एक प्रयोग ये किया जा सकता है कि अभिषेक शर्मा को रेस्ट दिया जाए क्योंकि वो पिछले 4 मैचों में खेले हैं और दो मैचों में उन्होंने अर्धशतक लगाया तो वहीं दो मैचों में गोल्डन डक पर आउट हुए। यानी अभिषेक को तैयारी के लिए 4 मैच मिल चुके हैं और उन्हें आराम भी मिल जाएगा क्योंकि वो लगातार खेल रहे हैं।
अभिषेक को आराम दिया जाता है तो फिर संजू सैमसन और इशान किशन के ओपन करवाया जाए। इससे ये होगा कि भारत को एक नया ओपनिंग विकल्प भी मिल जाएगा और संजू को फॉर्म में आने का मौका भी मिलेगा। संजू-इशान ओपन करेंगे तो दोनों का टेस्ट हो जाएगा कि बतौर ओपनर दोनों क्या कुछ कर सकते हैं।
