scorecardresearch

IND vs NZ 3rd ODI Match Highlights: भारत ने 90 रन से जीता तीसरा वनडे, 13 साल बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ किया क्लीन स्वीप; ICC रैंकिंग में भी शीर्ष पर पहुंचा

India vs New Zealand 3rd ODI Score: भारतीय क्रिकेट टीम ने 3 मैच की एकदिवसीय सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली बार क्लीन स्वीप किया।

india vs new zealand | ind vs nz 3rd odi | ind vs nz score |
India vs New Zealand: न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में विकेट लेने के बाद जश्न मनाते कुलदीप यादव। (सोर्स- एएनआई)

India vs New Zealand 3rd ODI Match Updates: भारत ने 24 जनवरी 2023 की रात न्यूजीलैंड को 90 रन से हराया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने 3 मैच की सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप किया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम आईसीसी वनडे रैंकिंग में भी शीर्ष पर पहुंच गई। शार्दुल ठाकुर प्लेयर ऑफ द मैच और शुभमन गिल प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। भारतीय टीम ने वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ 13 साल बाद क्लीन स्वीप किया है।

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी क्लीन स्वीप नवंबर 2010 में किया था। तब उसने 5 वनडे की घरेलू सीरीज में 5-0 से जीत हासिल की थी। उसके बाद से दोनों के बीच यह 7वीं एकदिवसीय सीरीज है। इससे पहले हुई 6 में से भारत और न्यूजीलैंड ने 3-3 एकदिवसीय सीरीज अपने नाम की थीं। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी बार जनवरी 2019 में एकदिवसीय सीरीज जीती थी।

जनवरी 2019 के बाद से भारत ने अब यह सीरीज जीती है। इस बीच न्यूजीलैंड ने 2 सीरीज अपने नाम की थीं। भारत ने इससे पहले 3 मैच की वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ कभी भी क्लीन स्वीप नहीं किया था। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 17 द्विपक्षीय एकदिवसीय सीरीज हुईं हैं। इसमें से भारत ने 9 जीती हैं, जबकि न्यूजीलैंड ने 6 सीरीज अपने नाम की हैं। दो सीरीज ड्रॉ रहीं हैं।

भारत और न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) के बीच 3 मैच की सीरीज का आखिरी वनडे इंदौर (Indore) के होलकर क्रिकेट स्टेडियम (Holkar Cricket Stadium) खेला गया। न्यूजीलैंड ने टॉस (Toss) जीतकर गेंदबाजी चुनी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 385 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 41.2 ओवर में 295 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव ने 3-3 विकेट लिए। युजवेंद्र चहल ने भी 2 विकेट चटकाए। हार्दिक पंड्या ने 6 ओवर गेंदबाजी की और ओपनर फिन एलन को पवेलियन की राह दिखाई।

न्यूजीलैंड की ओर से दूसरे ओपनर डेवोन कॉनवे हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 12 चौके और 8 छक्के की मदद से 100 गेंद में 138 रन की पारी खेली। हेनरी निकोल्स 40 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हुए। डेरिल मिशेल 24, माइकल ब्रेसवेल 26 रन बनाकर आउट हुए। मिशेल सैंटनर 29 गेंद में 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

भारत की ओर से रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने शतक लगाए और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। हार्दिक पंड्या 38 गेंद में 54 रन बनाकर पवेलियन लौटे। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी और ब्लेयर टिकनर ने 3-3 विकेट लिए। माइकल ब्रेसवेल ने एक विकेट लिया। न्यूजीलैंड इस मैच में एक बदलाव के साथ उतरा। हेनरी शिपले (Henry Shipley) की जगह जैकब डफी (Jacob Duffy) को आखिरी एकादश में शामिल किया गया।

रोहित शर्मा ने इस मैच के जरिए 3 साल का सूखा भी खत्म किया। रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में 1101 दिन शतक लगाया। इस मैच में भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) भी दो बदलाव के साथ उतरी थी। मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) और मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) की जगह उमरान मलिक (Umran Malik) और युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) की प्लेइंग इलेवन (Playing 11) में वापसी की।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला की हमारी कवरेज यहीं समाप्त होती है, लेकिन शुक्रवार 27 जनवरी 2023 को रांची में पहले मैच के साथ शुरू होने वाले टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से जुड़े अपडेट्स के लिए आप जनसत्ता.कॉम के साथ बने रहिए। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़े अपडेट्स पाने के लिए यहां क्लिक करें। पहले टी20 में दोनों टीमें किन-किन खिलाड़ियों के साथ उतर सकती हैं, जानने के लिए यहां क्लिक करें।

New Zealand in India, 3 ODI Series, 2023Holkar Cricket Stadium, Indore   25 March 2023

India 385/9 (50.0)

vs

New Zealand   295 (41.2)

Match Ended ( Day – 3rd ODI ) India beat New Zealand by 90 runs

Live Updates

India vs New Zealand 3rd ODI: टीम इंडिया इंदौर के होलकर स्टेडियम में अब तक एक भी एकदिवसीय मैच नहीं हारी है।

21:34 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Score: भारत ने घरेलू मैदान पर जीती लगातार 7वीं वनडे सीरीज

युजवेंद्र चहल ने 42वें ओवर की दूसरी गेंद पर मिशेल सैंटनर को आउट करने के साथ ही भारत की झोली में जीत डाल दी। भारत ने 90 रन से यह मैच जीता। टीम इंडिया अब वनडे रैंकिंग में भी नंबर वन बन गई है। भारत की घरेलू मैदान पर यह लगातार 7वीं वनडे सीरीज जीत है। इस मैच में भारतीय टीम एक समय 400 से अधिक रन बनाते दिख रही थी, लेकिन न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने वापसी की और भारत को 385 रन पर ही रोक दिया। डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स जब बल्लेबाजी कर रहे थे तो यह लक्ष्य मुश्किल नहीं लग रहा था। हालांकि, शार्दुल ठाकुर ने लगातार दो गेंदों में दो विकेट और फिर कुलदीप यादव ने समय पर विकेट लेकर मैच में भारत की वापसी कराई। रही सही कसर युजवेंद्र चहल ने पूरी की।

20:55 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: चहल ने भारत को दिलाई 9वीं सफलता

युजवेंद्र चहल ने 40वें ओवर की चौथी गेंद पर जैकब टफी को एलबीडब्ल्यू किया। जैकब ने रिव्यू लिया, लेकिन अंपायर्स कॉल होने के कारण उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। डफी खाता भी नहीं खोल पाए। भारत को जीत के लिए अब सिर्फ एक विकेट चाहिए। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए जीत दूर की कौड़ी लगती है। जैकब डफी के बाद ब्लेयर टिकनर बल्लेबाजी के लिए आए हैं। 41 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 9 विकेट पर 295 रन है।

20:46 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: कुलदीप यादव ने झटका न्यूजीलैंड का 8वां विकेट

कुलदीप यादव ने 39वें ओवर की पांचवीं गेंद पर भारत को 8वीं सफलता दिलाई। कुलदीप यादव ने लॉकी फर्ग्यूसन को शॉर्ट मिड-विकेट पर रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। रोहित ने पीछे की ओर अपने दाईं ओर भागते हुए बहुत ही शानदार कैच पकड़ा। लॉकी फर्ग्यूसन की जगह जैकब डफी बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

20:37 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: कुलदीप यादव ने भारत को दिलाई 7वीं सफलता

कुलदीप यादव ने भारत को 7वीं सफलता दिलाई। कुलदीप ने माइकल ब्रेसवेल को इशान किशन के हाथों स्टम्प कराया। ब्रेसवेल 22 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए। ब्रेसवेल की जगह लॉकी फर्ग्यूसन बल्लेबाजी के लिए आए हैं। 37 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 7 विकेट पर 272 रन है। मिशेल सैंटनर के 15 गेंद में 16 और लॉकी फर्ग्यूसन के 4 गेंद में 2 रन हैं।

20:34 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: ब्रेसवेल और सैंटनर ने 28 गेंद में जोड़े 39 रन

36 ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर 6 विकेट पर 267 रन है। माइकल ब्रेसवेल के 22 गेंद में 26 और मिशेल सैंटनर के 13 गेंद में 14 रन हैं। दोनों के बीच 7वें विकेट के लिए 28 गेंद में 39 रन की साझेदारी हो चुकी है। न्यूजीलैंड को अब जीत के लिए 14 ओवर में 8.53 के औसत से 119 रन बनाने हैं।

20:13 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: डेवोन कॉनवे लौटे पवेलियन, माइकल ब्रेसवेल और मिशेल सैंटनर क्रीज पर

32 ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर 32 ओवर में 6 विकेट पर 228 रन है। डेवोन कॉनवे 138 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कॉनवे को उमरान मलिक ने मिडविकेट पर रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। कॉनवे की जगह बाएं हाथ के बल्लेबाज मिशेल सैंटनर बल्लेबाजी के लिए आए हैं। दूसरे छोर पर पहले वनडे के शतकवीर माइकल ब्रेसवेल हैं। ये दोनों हैदराबाद में भारत के हाथ से संभावित जीत छीनते दिख रहे थे। ऐसे में भारतीय गेंदबाजों को इस जोड़ी को भी जल्द ही पवेलियन की राह दिखानी होगी।

19:52 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: शार्दुल ठाकुर ने तीसरा विकेट झटका

शार्दुल ठाकुर ने 28वें ओवर की चौथी गेंद पर अपना तीसरा विकेट लिया। शार्दुल ठाकुर ने ग्लेन फिलिप्स को मिड विकेट पर विराट कोहली के हाथों कैच कराया। ग्लेन फिलिप्स 7 गेंद में 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शार्दुल की यह गेंद बैक ऑफ लेंथ क्रास सीम थी। ग्लेन फिलिप्स ने पुल करने की कोशिश की, लेकिन गेंद आसमान में टंग गई और कोहली ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। ग्लेन फिलिप्स की जगह माइकल ब्रेसवेल बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

19:44 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: शार्दुल ठाकुर ने 2 गेंद में झटके 2 विकेट

शार्दुल ठाकुर ने अगली ही गेंद पर टॉम लैथम का विकेट झटक लिया। लैथम बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। टॉम लैथम की जगह ग्लेन फिलिप्स बल्लेबाजी के लिए आए हैं। 26 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 4 विकेट पर 193 रन है। न्यूजीलैंड को अभी जीत के लिए 189 रन चाहिए।

19:39 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: शार्दुल ठाकुर ने डेरिल मिशेल को दिखाई पवेलियन की राह

शार्दुल ठाकुर ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई और डेरिल मिशेल को विकेट के पीछे इशान किशन के हाथों कैच कराया। अंपायर ने शार्दुल और टीम इंडिया की अपील ठुकरा दी। रोहित शर्मा ने रिव्यू लिया। थर्ड अंपायर ने रिप्ले में देखा कि गेंद ग्लव्स से छूकर इशान के दस्तानों में पहुंची है। मैदानी अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा। डेरिल मिशेल की जगह टॉम लैथम बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

19:33 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: कॉनवे ने 71 गेंद में पूरा किया अपना तीसरा वनडे शतक

डेवोन कॉनवे ने 71वीं गेंद पर अपना तीसरा वनडे शतक पूरा किया। डेवोन कॉनवे ने 24वें ओवर की दूसरी गेंद पर युजवेंद्र चहल को छक्का जड़कर अपना शतक पूरा किया। डेवोन कॉनवे अब 78 गेंद में 108 रन बना चुके हैं। उन्होंने अब तक 8 चौके और 7 छक्के लगाए हैं। कॉनवे ने मिशेल के साथ मिलकर 61 गेंद में 78 रन की साझेदारी कर चुके हैं। न्यूजीलैंड का स्कोर 25 ओवर में 2 विकेट पर 184 रन है।

19:24 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को जीत के लिए चाहिए 27 ओवर में 226 रन

डेवोन कॉनवे और डेरिल मिशेल ने अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। डेवोन कॉनवे के 69 गेंद में 88 और डेरिल मिशेल 27 गेंद में 21 रन हैं। न्यूजीलैंड ने 23 ओवर में 2 विकेट पर 160 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए अभी 8.37 के रन रेट से 226 रन चाहिए।

19:14 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: निकोल्स के बाद कॉनवे ने मिशेल के साथ संभाली पारी

20 ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 136 रन है। डेवोन कॉनवे के 61 गेंद में 72 रन हैं। डेरिल मिशेल के 18 गेंद में 14 रन हैं। दोनों के बीच 32 गेंद में 31 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारतीय गेंदबाजों को जल्द ही विकेट चटकाने होंगे।

19:02 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड ने 17 ओवर में बनाए 119 रन, गंवाए 2 विकेट

17 ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 119 रन है। डेवोन कॉनवे के 52 गेंद में 62 रन हैं। डेरिल मिशेल के 8 गेंद में 8 रन हैं। कॉनवे ने अब तक 5 चौके और 3 छक्के लगाए हैं। मिशेल भी एक चौका जड़ चुके हैं। दोनों के बीच 14 गेंद में 14 रन की साझेदारी हो चुकी है।

18:54 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: कुलदीप यादव ने भारत को दिलाई दूसरी सफलता

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को जिसका इंतजार था, उसे कुलदीप यादव ने खत्म किया। कुलदीप यादव ने 15वें ओवर की पांचवीं गेंद पर हेनरी निकोल्स को एलबीडब्ल्यू कर दिया। कुलदीप की यह गेंद गुगली थी। निकोल्स आगे की गेंद को पीछे खोलने के लिए गए। कुलदीप की गेंद ऑफ स्टम्प पर पड़कर अंदर आई और पैड पर लगी। अंपायर नितिन मेनन ने अंगुली उठा दी। निकोल्स ने कॉनवे से विचार-विमर्श के बाद रिव्यू लिया, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। निकोल्स 40 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हुए। हेनरी निकोल्स की जगह डैरिल मिशेल बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

18:47 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: डेवोन कॉनवे ने 41 गेंद में पूरा किया अर्धशतक

न्यूजीलैंड ने 14 ओवर में एक विकेट पर 99 रन बना लिए हैं। भारतीय गेंदबाज पिछले 13.4 ओवर से विकेट नहीं ले पाए हैं। डेवोन कॉनवे ने 14वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। कॉनवे ने वाशिंगटन सुंदर की चौथी गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। कॉनवे ने 41वीं गेंद पर अपना पचासा पूरा किया।

18:35 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड ने 11 ओवर में बनाए 78 रन, गंवाया सिर्फ एक विकेट

न्यूजीलैंड ने शुरुआती झटक के बाद खुद को संभाल लिया है। दस ओवर के बाद उसका स्कोर एक विकेट पर 73 रन है। हेनरी निकोल्स के 30 गेंद में 32 और डेवोन कॉनवे के 28 गेंद में 36 रन हैं। न्यूजीलैंड ने 11वें ओवर में 6 रन बनाए। अब न्यूजीलैंड को जीत के लिए 39 ओवर में 307 रन बनाने हैं।

18:09 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड ने 5 ओवर में बनाए 22 रन

न्यूजीलैंड की पारी के 5 ओवर हो चुके हैं। न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 22 रन है। डेवोन कॉनवे के 12 गेंद में 11 और हेनरी निकोल्स के 16 गेंद में 8 रन हैं। न्यूजीलैंड को जीत के लिए अभी 8.13 के रन रेट से 363 रन चाहिए।

17:52 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को दूसरी ही गेंद पर लगा झटका

भारत की ओर से हार्दिक पंड्या पहला ओवर लेकर आए। उन्होंने दूसरी ही गेंद पर भारत को सफलता दिलाई। हार्दिक ने फिन एलन को बोल्ड कर दिया। एलन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। फिन एलन की जगह हेनरी निकोल्स बल्लेबाजी के लिए आए हैं। दूसरे छोर पर डेवोन कॉनवे हैं। हार्दिक की तीसरी गेंद वाइड रही और इस पर दो रन बने। कुल मिलाकर पहले ओवर से न्यूजीलैंड के खाते में 5 रन बने और एक विकेट गिरा। हेनरी और कॉनवे दोनों के 1-1 रन हैं।

17:18 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: हार्दिक की सूझबूझ से भारत ने 50 ओवर में बनाए 9 विकेट पर 385 रन

भारतीय टीम एक समय 400 रन के स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन रोहित शर्मा और शुभमन गिल की बेहतरीन साझेदारी के बाद सिर्फ हार्दिक पंड्या ही टिक कर खेल पाए। विराट कोहली ने कोशिश जरूर की थी, लेकिन बढ़िया शुरुआत को लंबी पारी में नहीं बदल पाए। हार्दिक की सूझ-बूझ से भारतीय टीम 50 ओवर में 9 विकेट पर 385 रन बनाने में सफल रही। पिच थोड़ी धीमी हो गई है, लेकिन ओस गिरी तो भारतीय गेंदबाजों को इस धीमी पिच का उतना लाभ नहीं मिल पाएगा।

17:03 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: भारत ने 49 ओवर में बनाए 382 रन, गंवाए 8 विकेट

अर्धशतक लगाने के बाद हार्दिक पंड्या पवेलियन लौटे। वह 49वें ओवर की चौथी गेंद पर 54 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक ने अपनी 38 गेंद की पारी के दौरान 3 चौके और 3 छक्के लगाए। हार्दिक की जगह उमरान मलिक बल्लेबाजी के लिए आए हैं। दूसरे छोर पर कुलदीप यादव हैं। 49 ओवर के बाद भारत का स्कोर 8 विकेट पर 382 रन है।

17:01 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: हार्दिक ने पूरा किया पचासा, शार्दुल लौटे पवेलियन

हार्दिक पंड्या ने 36 गेंद में अपना 9वां वनडे अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 49वें ओवर की दूसरी गेंद पर 2 रन लेकर अपना पचासा पूरा किया। उन्होंने पहली गेंद पर छक्का लगाया था। इससे पहले 48वें ओवर की आखिरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर 17 गेंद में 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शार्दुल ने 3 चौके और एक छक्का लगाया।

16:49 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: भारत ने 46 ओवर में बनाए 342 रन, गंवाए 6 विकेट

46वां ओवर का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर 6 विकेट पर 342 रन है। हार्दिक पंड्या के 28 गेंद में 30 रन हैं। वह अब तक 2 चौके और एक छक्का लगा चुके हैं। शार्दुल ठाकुर के 11 गेंद में 13 रन हैं। उन्होंने 2 चौके लगाए हैं।

16:30 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: भारतीय टीम शीर्ष पर कायम

भारत का स्कोर 300 रन के पार पहुंच चुका है। भारत ने 2020 के बाद से अब तक 13वीं बार 300 से ज्यादा रन बनाए हैं। इस मामले में वह शीर्ष पर है। दूसरे नंबर पर बांग्लादेश (6) और तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया (5) है।

16:23 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: भारत ने 81 रन के भीतर 5 विकेट गंवाए

जैकब डफी ने न्यूजीलैंड की वापसी कराई है। डफी ने 39वें ओवर की चौथी गेंद पर सूर्यकुमार यादव का विकेट झटका। सूर्यकुमार यादव का भी कैच डेवोन कॉनवे ने लॉन्ग ऑन पर पकड़ा। सूर्यकुमार यादव 9 गेंद में 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सूर्यकुमार यादव की जगह वाशिंगटन सुंदर बल्लेबाजी के लिए आए हैं। 40 ओवर के बाद भारत का स्कोर 5 विकेट पर 298 रन है।

16:14 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: विराट कोहली भी लौटे पवेलियन

भारत ने 12 गेंद के भीतर एक और विकेट गंवा दिया। 37वें ओवर की दूसरी गेंद पर विराट कोहली अपना विकेट गंवा बैठे। जैकब डफी ने विराट कोहली को मिड-ऑफ पर फिन एलन के हाथों कैच कराया। कोहली 3 चौके और एक छक्के की मदद से 27 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हुए।

16:08 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: 17 के स्कोर पर रन आउट हो गए इशान किशन

भारत को 35वें ओवर की तीसरी गेंद पर तीसरा झटका लगा। हां-ना के चक्कर में इशान किशन रन आउट हो गए। इशान 24 गेंद में 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इशान की जगह सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी के लिए आए हैं। इशान ने डफी की गेंद को कवर की दिशा में पुश कर एक रन चुराने का प्रयास किया, लेकिन इशान किशन ने आधी पिच के करीब पहुंचने के बाद ना बोला, लेकिन तबतक बहुत देर हो चुकी थी।

15:47 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: भारत ने 32 ओवर में पूरे किए 250 रन

32 ओवर का खेल हो चुका है। भारत ने 2 विकेट पर 251 रन बनाए हैं। विराट कोहली के 14 गेंद में 23 रन हैं। इशान किशन के 15 गेंद में 5 रन हैं। विराट कोहली और इशान किशन के बीच 24 गेंद में 21 रन की साझेदारी हो चुकी है। पिछली 30 गेंद में 29 रन बने हैं। मतलब रोहित और गिल के विकेट गिरने के बाद भारत का रन रेट गिरा है।

15:31 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live: भारत ने 2 ओवर में गंवाए 2 विकेट

रोहित शर्मा के बाद शुभमन गिल भी पवेलियन लौट गए। शुभमन गिल 28वें ओवर की आखिरी गेंद पर ब्लेयर टिकनर की गेंद पर डेवोन कॉनवे को अपना कैच थमा बैठे। गिल 13 चौके और 5 छक्के की मदद से 78 गेंद में 112 रन बनाकर आउट हुए। शुभमन गिल की जगह इशान किशन बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए हैं। 28 ओवर के बाद भारत का स्कोर 2 विकेट पर 230 रन है।

15:25 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: शतक बनाने के बाद पवेलियन लौटे रोहित शर्मा

भारत की ओर से 26वें ओवर में रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने शतक पूरे किए। 26 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट खोए 212 रन था। हालांकि, 27वें ओवर की पहली गेंद पर रोहित अपना विकेट गंवा बैठे। रोहित 85 गेंद में 101 रन के निजी स्कोर पर माइकल ब्रेसवेल की गेंद पर बोल्ड हुए। रोहित ने अपनी पारी के दौरान 9 चौके और 6 छक्के लगाए। शुभमन गिल ने 71वीं गेंद पर अपना शतक पूरा किया। शुभमन गिल के 73 गेंद में 104 रन हैं। रोहित की जगह विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए आए। कोहली ने अपनी दूसरी ही गेंद पर छक्का लगाया।

15:18 (IST) 24 Jan 2023
IND vs NZ Live Score: भारत ने 25 ओवर में बनाए 205 रन

रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने 25 ओवर में 205 रन की साझेदारी की। दोनों अब तक 21 चौके और 10 छक्के लगा चुके हैं। रोहित शर्मा ने 9 चौके और 6 छक्के लगाए हैं। रोहित के 80 गेंद में 99 और शुभमन गिल के 70 गेंद में 98 रन हैं।

India vs New Zealand 3rd ODI Live Score: पहले दोनों एकदिवसीय मैच में जीत कर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने वाली भारतीय टीम अब उस होलकर स्टेडियम में न्यूजीलैंड का सामना करने के लिए उतरेगी जहां उसने अब तक खेले गए सभी वनडे मैचों में जीत हासिल की है। होलकर स्टेडियम में सीमित ओवरों के एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में हालांकि न्यूजीलैंड पहली बार मेजबान भारत के सामने होगा, लेकिन मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के इस स्टेडियम का 17 साल पुराना रिकॉर्ड भारत के पक्ष में रहा है। भारतीय टीम इस मैदान पर 2006 से लेकर 2017 के बीच आयोजित सभी पांच एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में जीत का झंडा फहराते आई है और इस प्रारूप में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया को धूल चटा चुकी है। उधर, न्यूजीलैंड ने होलकर स्टेडियम में अब तक टेस्ट मैच के रूप में केवल एक मुकाबला खेला है। 2016 में आयोजित इस मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 321 रन के विशाल अंतर से मात दी थी।

जरूर पढ़ें: सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबरें ×