भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 मैच की सीरीज का पहला टेस्ट कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में 25 नवंबर 2021 से खेला जाना है। इस मैच में कई रिकॉर्ड ध्वस्त हो सकते हैं। खासतौर पर हरभजन सिंह और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का। यही नहीं, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी के निशाने पर भी एक रिकॉर्ड होगा।
कानपुर टेस्ट में टीम इंडिया के कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने अपने करियर के दौरान कुल 90 टेस्ट मैच खेले। इसकी 144 पारियों में 16 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 38.09 के औसत से 4876 रन बनाए। उनका उच्चतम स्कोर 224 रन रहा। इसमें उनके 6 शतक और 33 अर्धशतक भी शामिल हैं।
अजिंक्य ने अब तक 78 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 132 पारियों में 12 नाबाद रहते हुए उन्होंने 39.63 के औसत से अब तक 4756 रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका उच्चतम स्कोर 188 रन है। उन्होंने अब तक 12 शतक और 24 अर्धशतक लगाए हैं। कानपुर टेस्ट के दौरान अजिंक्य रहाणे अगर 121 रन बनाने में सफल रहते हैं तो वह धोनी से आगे निकल जाएंगे। वह भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले 13वें खिलाड़ी हो जाएंगे।
ग्रीनपार्क में खेले जाने वाले इस टेस्ट में टीम इंडिया के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के पास भी हरभजन सिंह का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा। हरभजन सिंह ने अब तक 103 टेस्ट की 190 पारियों में 2.84 के इकॉनमी रेट से 417 विकेट लिए हैं। रविचंद्रन अश्विन अब तक 79 टेस्ट की 148 पारियों में 2.80 के इकॉनमी रेट से 413 विकेट चटका चुके हैं।
अश्विन यदि कानपुर में 5 विकेट लेने में सफल रहते हैं, तो वह हरभजन का रिकॉर्ड तोड़कर भारत के लिए तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे। यही नहीं, अश्विन यदि 9 विकेट लेने में सफल रहे तो टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के 12वें गेंदबाज बन जाएंगे।
तब अश्विन से आगे मुथैया मुरलीधरन, शेन वार्न, जेम्स एंडरसन, अनिल कुंबले, ग्लेन मैक्ग्रा, स्टुअर्ट ब्राड, कर्टनी वाल्श, डेल स्टेन, कपिल देव, रंगना हेराथ, रिचर्ड हेडली ही रह जाएंगे। वह हरभजन सिंह के अलावा शान पोलाक, वसीम अकरम को भी पीछे छोड़ देंगे।
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी ने अब तक भारत के खिलाफ 9 टेस्ट मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 44 विकेट चटकाए हैं। कानपुर में टिम साउदी अगर 6 विकेट लेने में सफल रहते हैं तो भारत-न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट क्रिकेट में 50 विकेट लेने वाले छठे गेंदबाज बन जाएंगे। उनसे पहले रिचर्ड हैडली (65), बिशन सिंह बेदी (57), ईरापल्ली प्रसन्ना (55), रविचंद्रन अश्विन (52) और अनिल कुंबले (50) यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं।