भारतीय टीम अपना दूसरा मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ खेलने उतरेगी। इस मैच से पहले भारतीय टीम के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। मैच से एक दिन पहले धाकड़ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई। वहीं मंगलवार को सहायक कोच रियान टेन डेशकाटे ने भी उनके पेट में दिक्कत की बात बताई थी, अभिषेक ट्रेनिंग सेशन से भी दूर रहे थे।
वहीं इसके अलावा जसप्रीत बुमराह और वाशिंगटन सुंदर टीम के साथ जुड़ चुके हैं। दोनों ने दिल्ली के अरुण जेठली स्टेडियम में ट्रेनिंग सेशन के दौरान जमकर अभ्यास भी किया। इसके बाद नामीबिया के खिलाफ भारत की प्लेइंग 11 की बात करें तो इसमें तीन बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
फिर बदलेगी टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी?
अभिषेक शर्मा का नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में खेलना बेहद मुश्किल है। एएनआई ने भी बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से बताया है कि अभिषेक के पेट की समस्या के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनके नहीं खेलने पर संजू सैमसन और इशान किशन ओपनिंग कर सकते हैं। यानी यह तीसरा कॉम्बिनेशन पिछले एक महीने के भीतर ओपनिंग करते हुए नजर आएगा।
अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने वर्ल्ड कप से पहले ओपनिंग की थी। फिर संजू सैमसन आउट ऑफ फॉर्म हुए और तिलक की वापसी हुई तो इशान और अभिषेक की जोड़ी ने पारी की शुरुआत की। अब अभिषेक के फिटनेस इश्यू के बाद संजू और इशान की जोड़ी पारी की शुरुआत करते नजर आ सकती है। यह दोनों ही विकेटकीपर ओपनर बल्लेबाज हैं। राइट-लेफ्ट का कॉम्बिनेशन भी दोनों देते हैं।
शिवम दुबे की जगह सुंदर को मिलेगी एंट्री?
वाशिंगटन सुंदर टीम में आ चुके हैं। वहीं सिराज की जगह बुमराह का भी खेलना लगभग तय है। ऐसे में तीन पेसर पहले से हैं तो कप्तान व कोच एक स्पिन ऑलराउंडर को शिवम दुबे की जगह आजमा सकते हैं। क्योंकि अभिषेक एक पार्ट टाइम स्पिनर भी हैं, उनके नहीं खेलने से एक विशेष स्थिति में तीसरे स्पिनर की जरूरत पड़ने के लिहाज से सुंदर को दुबे की जगह मौका मिल सकता है।
नामीबिया के खिलाफ मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11
संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे/वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं
टी20 वर्ल्ड कप 2026: चोट बनी मेजबानों के लिए काल, पूर्व चैंपियन टीम का एक और खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर
IND vs NAM: अर्शदीप सिंह इतिहास रचने के करीब, ये हैं टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय
भारत के लिए बुरी खबर: अभिषेक शर्मा की तबीयत नहीं हो रही ठीक, दिल्ली के अस्पताल में भर्ती
