भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपना तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। इससे पहले 2022 और 2024 के टी20 विश्व कप संस्करण में वह टीम इंडिया का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने इस वर्ल्ड कप के पहले मैच में ही अपनी छाप छोड़ दी थी। अब नामीबिया के खिलाफ दूसरे मैच से पहले उनके निशाने पर टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय बनने का रिकॉर्ड है। वह इतिहास रचने के करीब भी हैं।

अर्शदीप सिंह अभी तक इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं। इस लिस्ट में टॉप पर हैं रविचंद्रन अश्विन और अर्शदीप उनसे महज 3 विकेट पीछे हैं। नामीबिया के खिलाफ अर्शदीप अगर 3 विकेट लेते हैं तो वह अश्विन की बराबरी कर लेंगे, और चार विकेट लेकर वह टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे।

उन्होंने यूएसए के खिलाफ 4 ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिए थे और शानदार गेंदबाजी की थी। मोहम्मद सिराज के साथ अर्शदीप ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच में यूएसए के सामने 161 रन का स्कोर डिफेंड करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब नामीबिया के खिलाफ वह अगर अपना जादू दिखाते हैं तो इतिहास रच देंगे।

टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय

  • रविचंद्रन अश्विन: 32 विकेट (24 मैच)
  • अर्शदीप सिंह: 29 विकेट (15 मैच)
  • जसप्रीत बुमराह: 26 विकेट (18 मैच)
  • हार्दिक पंड्या: 24 विकेट (25 मैच)
  • रविंद्र जडेजा: 22 विकेट (30 मैच)

भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

अर्शदीप सिंह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। उन्होंने 77 मैचों की 76 पारियों में 120 विकेट टीम इंडिया के लिए इस फॉर्मेट में लिए हैं। वहीं 51 रन देकर 5 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। अर्शदीप सिंह के बाद जसप्रीत बुमराह 107 विकेट लेकर इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं। हार्दिक पंड्या इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर 105 विकेट के साथ मौजूद हैं।

नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं:-

T20 World Cup: पाकिस्तान बनाम USA मैच, 10 फरवरी को होंगे ये 3 मुकाबले; ऐसे देखें लाइव स्ट्रीमिंग
टी20 वर्ल्ड कप में होगा भारत-पाकिस्तान मैच, आठ दिन में ही PCB के होश आए ठिकाने

हर्षित राणा के IPL 2026 में भी खेलने पर सस्पेंस, KKR को लग सकता है बड़ा झटका