IND vs ENG: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मुकाबले से पहले माना कि जोस बटलर टीम इंडिया के लिए ज्यादा खतरनाक नहीं साबित होंगे। सहवाग ने उन दो बल्लेबाजों के नाम बताए जो भारत को ज्यादा परेशान कर सकते हैं और उन्होंने माना कि ये दोनों खिलाड़ी सेमीफाइनल में टीम इंडिया के खिलाफ पहली ही गेंद से तबाही मचा सकते हैं।
जोस बटलर का नहीं है डर
वीरेंद्र सहवाग ने क्रिकबज पर बात करते हुए कहा कि जोस बटलर अभी फॉर्म में नहीं हैं और वो भारत के खिलाफ उतने आत्मविश्वास के साथ नहीं उतरेंगे। ठीक है वो रन बना भी देंगे, लेकिन ऐसा नहीं बनाएंगे कि 25-30 गेंदों पर 100 रन बना देंगे। जब कोई बैटर फॉर्म में नहीं होता है तो वो सोचता है कि कुछ गेंदें ले लूं, 10-15 गेंदें खेल लूं फिर मैं मारूंगा और अगर वो आउट हो गया तो फिर उतनी गेंदें वेस्ट हो जाती हैं। तो मुझे बटलर का डर नहीं है।
ब्रुक-साल्ट से मुझे है डर
सहवाग ने आगे कहा कि मुझे और एक-दो प्लेयर हैं जिनका डर है क्योंकि जब वो चलेंगे तो शायद दिक्कत होगी। इनमें हैरी ब्रुक एक प्लेयर हैं जो शतक बनाकर आए हैं और फिर फिल साल्ट हैं वो जब इंडिया में खेलते हैं आईपीएल में तो उन्हें पता है कि किस मैदान पर क्या हो सकता है। इसके अलावा उनके विल जैक्स हैं जो लोअर मिडिल ऑर्डर में हैं जिन्होंने 4 प्लेयर ऑफ द मैच खिताब जीते हैं। इनका डर है मुझे बाकी किसी और का डर नहीं है।
हमारे पास एज है, लेकिन ये जीत की गारंटी नहीं
सहवाग ने फिर कहा कि बटलर अगर फॉर्म में आ भी गए तो ऐसा नहीं करेंगे कि आपको बिल्कुल ही वन साइडेड हराकर चले गए, लेकिन जो ये फॉर्म वाले बल्लेबाज (ब्रुक-साल्ट) हैं ना वो पूरे कॉन्फिडेंस के साथ मैदान पर उतरेंगे और ये पहली ही बॉल से तबाही मचाएंगे। उन्होंने ये भी कहा कि हम भारत में खेल रहे हैं और हमारे पास एज तो है, लेकिन ये जीत की गारंटी नहीं है। जीतने के लिए आपको अच्छी क्रिकेट खेलनी होगी। बैटिंग, बॉलिंग सटीक होनी चाहिए और उस दिन कोई एक्सक्यूज काम नहीं करेगा। आपको बेहतर क्रिकेट इंग्लैंड से खेलनी होगी तभी आप फाइनल में पहुंच पाओगे।
ये खबरें भी पढ़ें
‘इंग्लैंड जीतेगा सेमीफाइनल’, भारत के खिलाफ मैच से पहले पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी ने किया दावा
