भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। अगर दोनों टीमों के इतिहास की बात करें तो टी20 वर्ल्ड कप में यह लगातार तीसरा सेमीफाइनल है। वहीं उससे पहले दो बार वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भी भारत और इंग्लैंड की भिड़ंत हो चुकी है। यानी अभी तक कुल 4 आईसीसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में दोनों टीमों का सामना हुआ है।

खास बात यह है कि रिकॉर्ड कांटे का है। क्योंकि दो बार सेमीफाइनल में भारत को जीत मिली है तो दो बार भारतीय टीम सेमीफाइनल में अंग्रेजों से हारी भी है। एक बार वनडे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल और एक बार टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को हराया है। वहीं भारत ने भी एक बार वनडे वर्ल्ड कप और एक बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अंग्रेजों को मात दी है। ऐसे में भारत के लिए अंग्रेजों की चुनौती आसान नहीं होगी।

कब-कब भारत और इंग्लैंड के बीच हुआ सेमीफाइनल?

1983 वनडे वर्ल्ड कप: इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम कपिल देव की कप्तानी में पहली बार विश्व चैंपियन बनी थी। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। फिर फाइनल में वेस्टइंडीज को हराकर टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप जीता था।

1987 वनडे वर्ल्ड कप: ग्राहम गूच के स्वीप शॉट सबसे ज्यादा मशहूर इसी सेमीफाइनल मुकाबले से हुए थे। इस मैच में भारतीय टीम के गेंदबाज गूच की बल्लेबाजी के सामने नतमस्तक हो गए थे। भारत को इस सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड ने 35 रन से हराकर 1983 की हार का बदला लिया था। मगर अंग्रेज टीम फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी और विश्व चैंपियन नहीं बन पाई थी।

2022 टी20 वर्ल्ड कप: टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना इंग्लैंड से हुआ था। इस मैच में इंग्लिश ओपनर्स जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने भारतीय गेंदबाजों की जो क्लास लगाई थी, वो शायद टीम कभी न भूल पाए। क्योंकि 169 रन के लक्ष्य को इंग्लैंड ने 16 ओवर में हासिल कर लिया था और 10 विकेट से मुकाबला जीता था। इस टूर्नामेंट में इंग्लैंड चैंपियन भी बनी थी।

2024 टी20 वर्ल्ड कप: रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में अंग्रेजों से पिछले वर्ल्ड कप की हार का बदला लिया था। इस सेमीफाइनल मैच में भारत ने इंग्लैंड को 68 रन से हराकर फाइनल में एंट्री की थी। उसके बाद फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप का खिताब जीता था।

भारत-इंग्लैंड का टी20 वर्ल्ड कप में हेड टू हेड रिकॉर्ड

टी20 वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड का पांच बार आमना-सामना हुआ है। भारत ने तीन मैच जीते हैं तो इंग्लिश टीम को दो बार जीत मिली है। 2007 वर्ल्ड कप से यह सिलसिला उस मैच से शुरू हुआ था जिसमें युवराज सिंह ने छह छक्के एक ओवर में स्टुअर्ट ब्रॉड पर लगाए थे। उसके बाद 2009 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने भारत को हराया था। फिर 2012 में भारत ने इंग्लैंड को 90 रन से मात दी। उसके बाद 2022 सेमीफाइनल में इंग्लैंड और 2024 सेमीफाइनल में भारत को जीत मिली।

यह भी पढ़ें- IND vs ENG: बारिश से धुला सेमीफाइनल तो इंग्लैंड खेलेगा फाइनल, जानें टी20 विश्व कप में रिजर्व डे का नियम
यह भी पढ़ें- अभिषेक-इशान में कौन होगा संजू का ओपनिंग पार्टनर, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11