भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच से पहले यहां की पिच को लेकर बहुत सारी बातें हो रही हैं। दरअसल पिच की जो तस्वीरें सामने आई हैं उसे देख ऐसा लग रहा है कि यह वानखेड़े की पिच नहीं बल्कि कोई ग्रीन फील्ड है। अब वानखेड़े में क्यूरेटर जो इस ग्रीन मिस्ट्री को तैयार कर रहे हैं, इसे देख टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर भी नाखुश दिखे हैं।

गौतम गंभीर की कुछ तस्वीरें वानखेड़े से सामने आई हैं। रिएक्शन के हिसाब से देखें तो हर तस्वीर में गौतम पिच क्यूरेटर से बात करते हुए काफी गंभीर दिखे हैं। इसके बाद मुंबई में होने वाले हाईवोल्टेज सेमीफाइनल से पहले रोमांच तगड़ा हो चुका है और पारा भी बढ़ने लगा है। इस कांटे की टक्कर से पहले यहां की पिच मिस्ट्री बनती नजर आ रही है।

क्यों नाखुश होंगे गौतम गंभीर?

अब सवाल यह उठता है कि वानखेड़े की इस पिच से कोच गौतम गंभीर नाखुश थे क्यों? अगर इसका कारण पिच पर अधिक घास होना था तो भारत के तेज गेंदबाज इंग्लैंड की मौजूदा पेस बैट्री से ज्यादा असरदार और अनुभवी हैं। एक जोफ्रा आर्चर को छोड़कर कोई भी तेज गेंदबाज बहुत ज्यादा अनुभवी नहीं है। वहीं अगर यह रिएक्शन इसको देखते हुए आया है कि स्पिन के लिए मदद नहीं होगी तो यह भारत का नुकसान है।

भारतीय टीम के लिए इंग्लैंड के खिलाफ स्पिन को एक बड़ा हथियार माना जा रहा है। क्योंकि टीम के पास वरुण चक्रवर्ती और उपकप्तान अक्षर पटेल हैं। वहीं कुछ एक्सपर्ट्स तो कुलदीप यादव को भी लाने की मांग कर रहे हैं।

ऐसे में यह काफी दिलचस्प हो जाएगा अगर ग्रीन ट्रैक मिला तो टीम इंडिया किस प्लानिंग के साथ इस मुकाबले में उतरेगी। क्योंकि अगर हरी पिच मिली तो भारत के पास बेंच पर मोहम्मद सिराज भी मौजूद हैं। वानखेड़े में इस वर्ल्ड कप का अपना पहला मैच टीम इंडिया ने यूएसए के खिलाफ खेला था, लेकिन उस मैच से सेमीफाइनल की पिच काफी अलग हो सकती है।

यह भी पढ़ें- अभिषेक शर्मा की नंबर 1 पोजीशन पर खतरा, पाकिस्तानी खिलाड़ी ने बढ़ाई मुसीबत; संजू सैमसन ने लगाई 25 स्थान की छलांग
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान को टेस्ट में मिलने वाला है सबसे युवा कोच, भारत को हरा बतौर कप्तान दिलाया था आईसीसी खिताब