भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच की विजेता टीम 8 मार्च को अहमदाबाद में होने वाला फाइनल मुकाबला खेलेगी। वहीं पहला सेमीफाइनल मैच साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। मगर सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर बारिश ने सेमीफाइनल में बाधा डाली तो कैसे मैच का नतीजा निकलेगा। या फिर रिजर्व डे का क्या नियम है?
सबसे पहले आपको बता दें कि 4 मार्च को साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच कोलकाता में होने वाले पहले सेमीफाइनल और फिर भारत-इंग्लैंड के बीच दूसरे सेमीफाइनल, इन दोनों के लिए रिजर्व डे रखा गया है। आईसीसी के नियम के मुताबिक पहले कोशिश की जाएगी मैच के दिन ही कि कम से कम 5-5 ओवर का मुकाबला हो सके। अगर मैच नहीं हो पाता है तो फिर उसे रिजर्व डे में ले जाया जाएगा।
क्या है रिजर्व डे का पूरा नियम?
अगर रिजर्व डे के पूरे नियम की बात करें तो मैच के दिन पहले 90 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे। इसके तहत आखिरी कोशिश होगी कि 5-5 ओवर का मैच खेला जा सके। अगर मैच के निर्धारित दिन कतई खेल नहीं हो पाता है तो उसे रिजर्व डे तक ले जाया जाएगा। यानी साउथ अफ्रीका-न्यूजीलैंड मैच के लिए 5 मार्च रिजर्व डे होगा और भारत-इंग्लैंड मैच के लिए 6 मार्च। अगर थोड़ा मुकाबला निर्धारित दिन होता है और फिर बारिश के कारण रुक जाता है। इस स्थिति में रिजर्व डे पर खेल वहीं से शुरू होगा जहां पर पिछले दिन रुका था।
इंग्लैंड सीधे भी कर सकता है फाइनल में एंट्री?
दरअसल यह नियम कुछ ऐसा है कि मैच के निर्धारित दिन और रिजर्व डे दोनों पर अगर मैच का नतीजा नहीं निकलता है, फिर भारत की दिक्कत बढ़ सकती हैं। सिर्फ भारत ही नहीं इस स्थिति में न्यूजीलैंड की भी दिक्कत बढ़ सकती है। क्योंकि अगर दोनों दिन मुकाबला नहीं हो पाता है तो अन्यथा सुपर 8 के अंत में अंकतालिका में ऊपर मौजूद टीम को फाइनल में एंट्री मिल सकती है। अगर दोनों सेमीफाइनल में ऐसा हुआ तो इंग्लैंड-साउथ अफ्रीका की टीमें सीधे फाइनल में जा सकती हैं।
इंग्लैंड सुपर 8 के ग्रुप 2 में और साउथ अफ्रीका ग्रुप 1 में टॉप पर थी। मगर ऐसा होना काफी असंभव सा लग रहा है। क्योंकि अभी तक ऐसा किसी आईसीसी टूर्नामेंट में देखा नहीं गया है। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक कोलकाता और मुंबई में होने वाले सेमीफाइनल मैचों के दिन बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। ऐसे में दोनों मुकाबले अपने निर्धारित दिनों पर ही पूरे हो सकते हैं। फिलहाल नियम के मुताबिक रिजर्व डे उपलब्ध है, अगर ऐसी कोई स्थिति बनी तो रिजर्व डे यूज में आएगा।
यह भी पढ़ें- T20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद बुरी फंसी पाकिस्तानी टीम, PCB ने हर खिलाड़ी पर लगाया जुर्माना
यह भी पढ़ें- “मुझे नहीं लगता, हेटमायर आउट थे”: मोहम्मद आमिर का नया ड्रामा, पहले किया था भारत के सेमीफाइनल में न पहुंचने का दावा
