भारत और इंग्लैंड के बीच वानखेड़े स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में मैदान पर सितारों का जमावड़ा लगा हुआ है। इसी बीच फैंस एमएस धोनी की झलक देख झूम उठे। वहीं मैच में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एम्बेसडर रोहित शर्मा और आईसीसी चेयरमैन जय शाह भी मौजूद थे। रोहित शर्मा ने जाकर धोनी और उनकी पत्नी साक्षी धोनी को गले लगाया।

वहीं सुरेश रैना ने कमेंट्र बॉक्स से दमदार बात कही और कहा, “बड़के भईया आए हैं मैच देखने।” आपको बता दें कि धोनी को चेन्नई में थाला (बड़े भाई) कहते हैं और सुरेश रैना को चिन्ना थाला (छोटे भाई) के नाम से जाना जाता है। दोनों की दोस्ती भी काफी मशहूर थी।

संन्यास भी दोनों खिलाड़ियों ने एक ही दिन लिया था। 15 अगस्त 2020 को पहले धोनी और कुछ ही देर में रैना ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहे दिया था। क्रिकेट जगत की हस्तियों में धोनी, रोहित के अलावा केएल राहुल भी मैदान पर दिखे। इसके अलावा बॉलिवुड जगत की कई हस्तियां मैदान पर नजर आईं।

भारतीय टीम ने बनाया रिकॉर्ड स्कोर

भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रनों का विशाल स्कोर बनाया। टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में यह सिर्फ दूसरी बार 200 प्लस रन का स्कोर बना है। जबकि यह टूर्नामेंट के इतिहास में नॉकआउट का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा है। इससे पहले 2012 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीपाइनल में वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 विकेट पर 205 रन बनाए थे। वहीं टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का यह चौथा सबसे बड़ा स्कोर है।

भारत के लिए संजू सैमसन ने सर्वाधिक 89 रन की पारी खेली। उनके अलावा शिवम दुबे ने 43 और इशान किशन ने 39 रन बनाए। अंत में हार्दिक पंड्या ने 12 गेंद पर 27 रन और तिलक वर्मा ने 7 गेंद पर 21 रन की तूफानी पारी अंत में खेली।

यह भी पढ़ें- IND vs ENG: संजू सैमसन ने 42 गेंद में ठोके 89 रन, फिर भी नहीं तोड़ पाए विराट कोहली का रिकॉर्ड; मात्र एक रन से चूके
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: संजू सैमसन और इशान किशन की जोड़ी ने रचा इतिहास, युवराज सिंह-रॉबिन उथप्पा का 19 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा