भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में एक बार फिर से संजू सैमसन का जादू देखने को मिला। अभिषेक शर्मा का दूसरे ओवर में विकेट गंवाने के बाद संजू का साथ दिया इशान किशन ने। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 45 गेंद पर 97 रन की बेहतरीन साझेदारी की। संजू सैमसन ने 26 गेंद पर अर्धशतक ठोका। संजू-इशान कि जोड़ी ने 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा।
टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में किसी भी विकेट के लिए यह भारत की सबसे बड़ी साझेदारी रही है। 2007 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा ने 39 गेंद में 84 रन की साझेदारी की थी। संजू सैमसन और इशान किशन की जोड़ी ने यह रिकॉर्ड अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में ध्वस्त कर दिया है। दोनों ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की बखिया उढेड़ दी।
संजू सैमसन का फिर आया तूफान
संजू सैमसन ने अपना बेहतरीन फॉर्म जारी रखा है। उन्होंने सुपर 8 के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 गेंद पर 97 रन की पारी खेली थी। अब इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया। 26 गेंद पर उन्होंने 50 रन पूरे किए। वह टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने वाले भी छठे भारतीय बने।
उन्होंने विराट कोहली, रोहित शर्मा, गौतम गंभीर, हार्दिक पंड्या और युवराज सिंह की लिस्ट में एंट्री की। संजू ने 42 गेंद पर 89 रन की धुआंधार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और सात बेहतरीन छक्के लगाए।
इशान किशन की बेहतरीन बल्लेबाजी
इशान किशन ने 18 गेंद पर 39 रन की बेहतरीन पारी खेली। इशान ने इस पारी में 4 चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने 216 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। अंत में आदिल रशीद ने इशान का विकेट लिया और वह विल जैक्स के हाथों कैच आउट हो गए। इशान और संजू ने भारत के रनरेट को लगातार 11 से ऊपर बनाए रखा।
भारतीय टीम सेमीफाइनल मुकाबले में बिना किसी बदलाव के उतरी है। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम नॉकआउट मैच में पहले खेलने उतरी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के वक्त कहा था कि वह पहले ही बल्लेबाजी करना चाहते थे।
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: अभिषेक ने ऑफ-स्पिनर के सामने घुटने टेके, सेमीफाइनल में फेंक दिया अपना विकेट; कोई धैर्य रखना सिखाओ
यह भी पढ़ें- रोहित शर्मा का डांस, गौतम गंभीर को दी झप्पी; ICC ने शेयर किया वर्ल्ड कप के बीच हिटमैन का खास वीडियो
