भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या अफगानिस्तान वनडे सीरीज से पहले लगी (क्वाड्रिसेप्स की) चोट से उबर नहीं पाए हैं। वह अपने पूरे कोटे के ओवर गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं। उन्हें इंग्लैंड वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है। पंड्या को पूरी तरह फिट होने में और समय लगेगा। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के दौरान लगी दाहिने पैर की मांसपेशियों की चोट से अच्छी तरह उबर रहे हैं।
कोहली दोबारा जांच और आगे की योजना के लिए 22 जून को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (सीओई) में रिपोर्ट करेंगे। कोहली की उपलब्धता पर अंतिम अपडेट मिलने के बाद इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की वनडे टीम की घोषणा की जाएगी। पता चला है कि सीओई की खेल विज्ञान टीम के एक सदस्य ने कोहली को रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम देने से पहले उनकी फिटनेस का जायजा लेने के लिए ब्रिटेन का दौरा किया था।
विराट कोहली अच्छी तरह उबर रहे हैं
कोहली अपने परिवार के साथ लंदन रहते हैं। उन्हें अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल फाइनल के दौरान मांसपेशियों में हल्की चोट लगी थी। सीओई की खेल विज्ञान टीम की ओर से चयन समिति और टीम प्रबंधन को भेजे गए फिटनेस अपडेट में कहा गया, ‘आईपीएल में दाहिने पैर की मांसपेशियों में चोट के बाद विराट कोहली अच्छी तरह उबर रहे हैं। लंदन में सीओई की टीम ने उनकी जांच की और उन्हें रिहैब के शुरुआती चरण के लिए कार्यक्रम दिया। वह दोबारा जांच, आगे की योजना और मंजूरी के लिए 22 जून को सीओई में रिपोर्ट करेंगे।’
विराट को जांच के बाद फिटनेस मंजूरी मिलेगी
मामले की जानकारी रखने वाले बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘विराट को सोमवार को बेंगलुरु में फिटनेस जांच के बाद फिटनेस मंजूरी मिलेगी। उससे पहले, वह रविवार को दिल्ली में एक प्रमोशनल कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।’ हार्दिक पंड्या को लेकर समचार एजेंसी पीटीआई ने एक सूत्र के हवाले से बताया, ‘हार्दिक पंड्या वनडे प्रारूप के लिए जरूरी गेंदबाजी और ‘कंडिशनिंग’ हासिल नहीं कर पाए हैं और उन्हें वनडे के लिए पूरी तरह फिट होने में और समय लगेगा।’ चयन की दौड़ में शामिल बाकी सभी खिलाड़ी फिट हैं।
हशमतुल्लाह शाहिदी ने रचा इतिहास
हशमतुल्लाह शाहिदी का यह वनडे क्रिकेट में पहला शतक है। इससे पहले वनडे में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 97 था। 13 साल के करियर में वह वनडे में 22 अर्धशतक जड़ चुके हैं। उन्होंने 33 से ज्यादा के औसत से 2500 से ज्यादा रन बनाए हैं। पूरी खबर पढ़ें।
