भारतीय टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शुरुआत से लेकर अभी तक अभिषेक शर्मा को लेकर चिंता कम नहीं हो रही हैं। पहले उनकी बीमारी दिक्कत बनी। उसके बाद वह टीम में आए तो तीन लगातार डक ने टीम को मुश्किल में डाल दिया। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले उनकी जगह पर भी सस्पेंस बना हुआ था। अब टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने उनको लेकर बड़ा हिंट दिया है।

दरअसल अभिषेक शर्मा के लगातार खराब फॉर्म के कारण इशान किशन और संजू सैमसन से ओपनिंग करवाने की मांग की जा रही थी। अब मैच से एक दिन पहले मोर्केल ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन कयासों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने अभिषेक शर्मा को पूरी तरह से बैक किया है और वानखेड़े में ही जब वह इंग्लैंड के खिलाफ पिछली बार खेले थे, तो उनकी शतकीय पारी को भी कोच ने याद दिलाया। इससे साफ है कि अभिषेक को बाहर करने का विचार टीम नहीं कर रही है और उनकी सेमीफाइनल में जगह पक्की लग रही है।

अभिषेक शर्मा को लेकर क्या बोले मोर्ने मोर्केल?

अभिषेक शर्मा की फॉर्म पर बात करते हुए टीम इंडिया के बॉलिंग कोच ने कहा,”कभी-कभी यह खेल आपके लिए बहुत चुनौती लेकर आता है। ऐसी ही स्थिति में संजू (सैमसन) भी थे। अपने करियर में आपको ऐसे समय का सामना करना पड़ता है। यह उनके (अभिषेक के) लिए अच्छी सीख है। इससे उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट में मदद मिलेगी। वह बस अपनी लय में लौटने से एक या दो शॉट ही दूर हैं।”

मोर्केल ने आगे कहा,”वह एक ऐसा इंसान है जो बहुत ज्यादा तकनीक को लेकर चिंता नहीं करता है। उनके जैसे खिलाड़ी को अपना मनोबल वापस पाने के लिए समय लगता है। तो जैसा कि मैंने कहा था कि कल (इंग्लैंड के खिलाफ) उनके लिए नई शुरुआत होगी। इसी मैदान पर उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ शतक लगाया था, अभी बहुत वक्त नहीं हुआ है।”

बॉलिंग कोच के इस बयान से यह तो साफ लग रहा है कि अभिषेक शर्मा की जगह इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में पक्की है। अब नजरें होंगी अभिषेक के ऊपर कि वह कैसे इस मौके का फायदा उठाते हैं और इस बड़े मुकाबले में लय वापस पाते हैं। पिछले साल उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े में ही 54 गेंद पर 135 रन की तूफानी पारी खेली थी। अब देखना होगा कि क्या वही जादू अभिषेक फिर से दोहरा पाते हैं या नहीं।

यह भी पढ़ें- ICC Rankings: अभिषेक शर्मा की नंबर 1 पोजीशन पर खतरा, पाकिस्तानी खिलाड़ी ने बढ़ाई मुसीबत
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: वानखेड़े की पिच है या ग्रीन फील्ड? सेमीफाइनल से पहले मुंबई में बढ़ा पारा, कोच गौतम गंभीर भी दिखे नाखुश