भारत बनाम इंग्लैंड पांच टी20 इंटरनेशनल सीरीज का चौथा मुकाबला गुरुवार नौ जुलाई 2026 को ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेला जाएगा। भारतीय टीम अभी सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही है। सीरीज का पहला टी20 बारिश के कारण बेनतीजा रहा था, जबकि दूसरे और तीसरे मुकाबलों में भारत को हार झेलनी पड़ी। ऐसे में भारत के लिए चौथा टी20 मैच करो या मरो जैसा है।
भारत यदि चौथा टी20 मैच गंवा देता है तो वह सीरीज से भी हाथ धो बैठेगा। चौथा टी20 जीतने पर भारतीय टीम सीरीज में बनी रहेगी और पांचवें मुकाबले में उसके पास शृंखला बराबर करने का मौका होगा। भारतीय टीम को अगर सीरीज में पहली जीत दर्ज करनी है तो अपनी तीन गलतियों को सुधारना होगा। आइए जानते हैं कि वे कौन सी तीन गलतियां हैं, जिनमें सुधार करना होगा।
बल्लेबाजी क्रम में फेरबदल
भारतीय टीम को बल्लेबाजी क्रम में लगातार फेरबदल करना काफी महंगा पड़ा है। तीसरे टी20 में भी तिलक वर्मा से ऊपर बल्लेबाजी करने के लिए अक्षर पटेल को भेजा गया था, जबकि शिवम दुबे से पहले हर्षित राणा बल्लेबाजी करने पहुंचे थे।
यह फेरबदल टीम इंडिया को खासा भारी पड़ा था और पूरी टीम महज 76 रन बनाकर ढेर हो गई थी। बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव के कारण बल्लेबाजों को अपने रोल समझने में साफतौर पर दिकक्तों का सामना करना पड़ा है।
तेज गेंदबाजों को चटकाने होंगे विकेट
टीम इंडिया को अगर सीरीज में वापसी करनी है तो तेज गेंदबाजों को अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने घरेलू परिस्थितियों का अब तक भरपूर फायदा उठाया है। हालांकि, भारतीय गेंदबाज इन परिस्थितियां का इस्तेमाल करने में नाकाम रहे हैं। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में तेज गेंदबाज इस सीरीज में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए हैं।
तीसरे टी20 में तेज गेंदबाजों के लिए मददगार पिच पर भी प्रिंस यादव को छोड़कर बाकी भारतीय गेंदबाज छाप छोड़ने में नाकाम रहे थे। अर्शदीप सिंह इस सीरीज में सिर्फ तीन विकेट ही निकाल पाए हैं। उनकी इकॉनमी भी 9.50 रही है। हर्षित राणा ने 10 की इकॉनमी से रन दिए हैं।
मध्यक्रम को लेनी होगी जिम्मेदारी
भारत के लिए शीर्ष क्रम में अभिषेक शर्मा ने बढ़िया बल्लेबाजी की है। हालांकि, टीम का मध्यक्रम इस सीरीज में बुरी तरह से फेल रहा है। कप्तान श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा और अक्षर पटेल बल्ले से कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।
इशान किशन भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। चौथे टी20 में अगर भारतीय टीम को इंग्लैंड को सीरीज जीतने से रोकना है तो मध्यक्रम को अधिक जिम्मेदारी के साथ खेलना होगा।
शिवम दुबे आउट, संजू इन; चौथे टी20 के लिए पूर्व विकेटकीपर ने किया भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन का चयन
टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन का चयन किया। उन्होंने अपनी इस टीम में शिवम दुबे को जगह नहीं दी जबकि संजू सैमसन को शामिल किया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
