लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे 27 रनों से गंवाकर 1-2 से सीरीज हारने के बाद भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल से प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा के भविष्य और कुलदीप यादव को न खिलाने को लेकर सवाल पर जवाब दिया। गिल ने कहा कि रोहित शर्मा से इस बारे में कोई बात नहीं हुई है कि लॉर्ड्स वनडे उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। कुलदीप न खिलाने के लिए पिच का बहाना बनाया।

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 2027 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने 39 साल के रोहित को बताया है कि इंग्लैंड सीरीज उनकी आखिरी सीरीज होगी। हालांकि, रोहित या चयनकर्ताओं की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पहले दो वनडे में दो खराब पारियां खेलने के बाद रविवार को रोहित ने 138 रन बनाए, लेकिन टीम हार गई। सेंचुरी बनाने के बावजूद भारत के पूर्व कप्तान मैच के बाद मीडिया कॉन्फ्रेंस में नहीं आए, जहां कप्तान शुभमन गिल दिखे।

रोहित की बल्लेबाजी पर क्या बोले गिल

यह पूछे जाने पर कि क्या रोहित अपने संन्यास की घोषणा करेंगे, गिल ने कहा, ‘हमें अभी तक कुछ नहीं पता है। उन्होंने हमें कुछ नहीं बताया है। मुझे लगता है कि यह शायद यह केवल मीडिया में बात चल रही है। इस पर बिल्कुल भी चर्चा नहीं हुई है।’ रोहित की पारी पर गिल ने कहा, ‘मुझे लगता है कि जिस तरह से रोहित भाई ने गेंदबाजों का सामना किया, वह बहुत सहज थे। मैं नॉन-स्ट्राइकर था, और उन्हें देखकर लग रहा था कि वह बहुत सहज थे। पावरप्ले में, हम बात कर रहे थे कि हिट करना है या नहीं, लेकिन हमने देखा कि नई बॉल से हिट करना इतना आसान नहीं है। मुझे लगता है कि जिस तरह से उन्होंने गेंदबाजों का सामना किया और जिस तरह से उन्होंने आक्रमकता दिखाई,वह जल्दी ही 60-70 के करीब पहुंच गए।’

कुलदीप को न खिलाने पर पिच का बनाया बहाना

शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में सीरीज के आखिरी मैच में कुलदीप यादव को न खिलाने की वजह पिच का स्पिनरों के लिए मुफीद न होना बताया। पूरे दौरे पर कुलदीप को मौका नहीं दिया गया था। आखिरी वनडे में जसप्रीत बुमराह के घुटने की चोट के कारण बाहर होने के बाद कुलदीप को अटैकिंग ऑप्शन के तौर पर उतारने का मौका था। हालांकि, भारत सिर्फ पांच बॉलिंग ऑप्शन के साथ मैच में उतरा और अक्षर पटेल को अकेले स्पिनर के तौर पर चुना गया।

अतिरिक्त स्पिनर न लाने के पीछे की सोच

कुलदीप को न खिलाने पर गिल ने कहा,’इससे पहले हमने जो मैच खेले थे वहां देखा था कि विकेट से स्पिनरों को ज्यादा मदद नहीं थी। जब भी स्पिनर बॉलिंग करने आ रहे थे तो हमें लगता था कि हमें थोड़ा डिफेंसिव होना पड़ेगा, जब भी तेज गेंदबाज गेंद कर रहे होते थे तो ऐसा लगता था कि कुछ हो रहा है। अतिरिक्त स्पिनर न लाने के पीछे यही सोच थी।’

विकेट बाद में धीमा हुआ

गिल ने कहा, ‘तेज गेंदबाजों की मदद से आप दबाव बनाना चाहते हैं और देखना चाहते हैं कि मौके बनते हैं। विकेट थोड़ा धीमा हो गया था। जब हम गेंदबाज कर रहे थे और अक्षर भाई गेंद कर रहे थे तो ऐसा नहीं लग रहा था कि विकेट इतना धीमा होगा, लेकिन जब वे गेंदबाजी करने आए जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ाविकेट थोड़ा धीमा होता गया।’

रोहित शर्मा ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और SENA देशों के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर आ गए। पूरी खबर पढ़ें