इंग्लैंड ने भारत को 3 मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मैच गुरुवार (16 जुलाई) को 4 विकेट से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। सीरीज का आखिरी मैच लॉर्ड्स में खेला जाएगा। तीसरे वनडे पर काफी निगाहें होंगी क्योंकि खबर है कि भारत के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा का यह आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच हो सकता है। रोहित के लिए इंग्लैंड दौरा अच्छा नहीं रहा है। दोनों मैचों में वह संघर्ष करते दिखे हैं। दूसरे मैच में उन्होंने 43 गेंदों पर 26 रन बनाए। विल जैक्स को स्वीप करने की कोशिश में आउट हुए।
इस बीच कार्डिफ वनडे में हार के बाद भारत के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित शर्मा के खराब फॉर्म को लेकर चिंताओं को खारिज किया। उन्होंने कहा कि अनुभवी ओपनर पर कोई दबाव नहीं था। बल्लेबाजी के लिए मुश्किल परिस्थितियों के कारण रन नहीं बना पाए। इसके अलावा सितांशु कोटक ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच बातचीत बंद होने को बकवास बताया।
रोहित शर्मा जैसा खिलाड़ी दबाव महसूस नहीं करता
कोटक ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा को लेकर कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि रोहित (शर्मा) जितना बड़ा खिलाड़ी कोई दबाव महसूस कर सकता है। वह इतने बेहतर खिलाड़ी हैं कि उन्हें ऐसा महसूस नहीं होगा। हां, उन्होंने रन नहीं बनाए। मुझे नहीं लगता कि इससे कोई फर्क पड़ता है। आज भी, ऐसा लग रहा था कि वह शायद अच्छी पारी खेलेंगे, लेकिन कोई बात नहीं।’
लॉर्ड्स में आप रोहित शर्मा की बिल्कुल अलग पारी देख सकते हैं
कोटक ने कहा, ‘मैंने बहुत क्रिकेट खेला है और मैंने बहुत क्रिकेट देखा है। किसी दिन बल्लेबाज को वह लय नहीं मिल पाती और ऐसा हो सकता है। हो सकता है कि लॉर्ड्स में आप रोहित शर्मा की बिल्कुल अलग पारी देखें। इसलिए, मैं “स्ट्रगलिंग” शब्द का इस्तेमाल नहीं करूंगा। हो सकता है कि वह जो शॉट आमतौर पर ऊपर की तरफ खेलते हैं वह डबल बाउंस की वजह से नहीं खेल रहे थे।’
रोहित जैसे खिलाड़ी से बिल्कुल अलग पारी देख सकते थे
कोटक ने कहा, ‘शुभमन (गिल) ने तेज शुरुआत की, फिर विराट ने भी तेज शुरुआत की, लेकिन रोहित को शायद उनके पाले में गेंद नहीं मिली और वह नहीं चल पाए। मुझे ऐसा ही लगा। इसलिए मैं यह नहीं कहूंगा कि वह संघर्ष कर रहे थे क्योंकि आप रोहित जैसे खिलाड़ी से बिल्कुल अलग पारी देख सकते थे। मैंने बहुत सारे बल्लेबाजों के साथ ऐसा होते देखा है। यह सिर्फ रोहित की बात नहीं है। मैं संघर्ष शब्द का इस्तेमाल नहीं करूंगा।’
विराट और गौतम ने आज 10 बार बात की होगी
विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच बातचीत बंद होने पर सितांशु कोटक ने कहा, ‘विराट और गौतम ने आज 10 बार बात की होगी। मुझे नहीं लगता कि दोनों के बीच कुछ ऐसा है। विराट ने बल्लेबाजी करने जाने से पहले कुछ चीजों के बारे में बात की थी। सच कहूं तो, एक बैटिंग कोच के तौर पर, जब तक उन्हें कुछ महसूस न हो या वह कुछ न देखे, उनकी बल्लेबाजी को छेड़ने की जरूरत नहीं है। जिस तरह से वह बल्लेबाजी करते हैं उसे देखकर आपको बहुत कुछ कहने की जरूरत नहीं है। उनका फुटवर्क कैसा है और कुछ चीजों के बारे में उन्होंने मुझसे पहले पूछा था। फिर, नेट्स के बाद, हम बात कर रहे थे। इसके अलावा, आप जो कह रहे हैं, मुझे नहीं पता कि अफवाहें कहां से आती हैं।’
लॉर्ड्स ODI होगा रोहित शर्मा का आखिरी इंटरनेशनल मैच
रोहित शर्मा ने टेस्ट और टी20 से पहले ही रिटायरमेंट ले लिया था। अब रोहित शर्मा के वनडे इंटरनेशनल से भी विदाई का समय नजदीक दिख रहा है। नई रिपोर्ट्स के अनुसार इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाला सीरीज का तीसरा वनडे रोहित के करियर का आखिरी इंटरनेशनल मैच हो सकता है। पूरी खबर पढ़ें।
