भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैच की सीरीज का दूसरा वनडे 16 जुलाई 2026 को कार्डिफ के सोफिया गार्डंस में खेला जाएगा। भारत और इंग्लैंड के बीच इस मैदान पर 12 साल बाद कोई एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाएगा। इस मैदान पर इससे पहले भारत और इंग्लैंड के बीच 27 अगस्त 2014 को खेला गया था। कार्डिफ में रोहित शर्मा और विराट कोहली का रिकॉर्ड बहुत शानदार है।

कार्डिफ के सोफिया गार्डंस पर भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक दो वनडे इंटरनेशनल खेले गए हैं। इनमें से भारत को एक में जीत हासिल हुई है, जबकि एक में उसने हार झेली है। दोनों ही मुकाबलों में भारतीय टीम की कमान एमएस धोनी और इंग्लैंड की कमान एलिस्टेयर कुक के हाथों में थी।

भारत को कार्डिफ के सोफिया गार्डंस पर पहली जीत 27 अगस्त 2014 को मिली थी। भारत ने तब इंग्लैंड को 133 रन से हराया था। इससे पहले कार्डिफ के सोफिया गार्डंस में 16 सितंबर 2011 को दोनों टीमों के बीच हुए एकदिवसीय मैच में भारत को छह विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।

उस मैच में विराट कोहली ने शतक लगाया था। इसके बावजूद डकवर्थ लुईस पद्धति के आधार पर भारत 10 गेंदें शेष रहते 6 विकेट से हार गया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 50 ओवर में 6 विकेट पर 304 रन बनाए थे।

बारिश के कारण मैच 34 ओवर का कर दिया गया। इंग्लैंड ने 32.2 ओवर में 4 विकेट पर 241 रन बना मैच अपने नाम कर लिया। खास यह है कि राहुल द्रविड़ का यह आखिरी वनडे मैच था और वह 69 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, उनकी टीम को जीत नसीब नहीं हुई।

कार्डिफ में भारत ने खेले हैं कुल 4 वनडे मैच

ओवरऑल बात करें तो कार्डिफ में भारत ने सितंबर 2011 से अगस्त 2014 तक चार वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें से उसने तीन में जीत हासिल की है। भारत ने इस मैदान पर छह जून 2013 को साउथ अफ्रीका को 26 रन से हराया था, जबकि 20 जून 2013 को श्रीलंका के खिलाफ आठ विकेट से जीत हासिल की थी। दोनों ही मुकाबले आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का हिस्सा थे।

विराट-रोहित का कार्डिफ में शानदार रिकॉर्ड

मौजूदा भारतीय वनडे टीम की बात करें तो कार्डिफ में अब तक सिर्फ विराट कोहली और रोहित शर्मा ही खेले हैं। वहीं, इंग्लैंड की मौजूदा वनडे टीम से सिर्फ जो रूट और जोस बटलर ही भारत के खिलाफ कार्डिफ में खेले हैं। कार्डिफ में रोहित शर्मा और विराट कोहली का रिकॉर्ड भी बहुत शानदार है। वहीं, इस मैदान पर भारत के खिलाफ जो रूट और जोस बटलर के बल्ले की धार कुंद पड़ चुकी है।

विराट कोहली ने कार्डिफ में अब तक 4 वनडे मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 65.33 के औसत और 97.51 के स्ट्राइक रेट से 196 रन बनाए हैं। विराट कोहली ने इस मैदान पर एक शतक और एक अर्धशतक भी लगाया है। विराट कोहली ने इस मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ दो वनडे खेले हैं, जिसमें उन्होंने 53.5 के औसत से 107 रन बनाए हैं।

रोहित शर्मा ने इस मैदान पर अब तक तीन वनडे मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 50 के औसत और 68.8 के स्ट्राइक रेट से 150 रन बनाए हैं। इसमें रोहित शर्मा के दो अर्धशतक भी शामिल हैं। रोहित शर्मा ने कार्डिफ में इंग्लैंड के खिलाफ अब तक एक वनडे मैच खेला है, जिसमें उन्होंने 52 रन बनाए थे।

कार्डिफ में भारत का उच्चतम स्कोर 331/7

कार्डिफ में भारत का उच्चतम स्कोर 331/7 है, जो उसने 6 जून 2013 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। उस मैच में भारत की ओर से शिखर धवन ने शतक लगाया था। शिखर धवन ने 94 गेंद में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 114 रन की पारी खेली थी।

कार्डिफ में भारत के खिलाफ रूट ने 4 और बटलर ने सिर्फ 2 रन बनाए

इंग्लैंड के जो रूट और जोस बटलर की बात करें तो कार्डिफ में दोनों ने एक-एक वनडे मैच ही खेला है। जोस बटलर ने इस मैदान पर भारत के खिलाफ अपना पहला वनडे 27 अगस्त 2014 को खेला था, जिसमें वह सिर्फ दो रन ही बना पाए थे। उसी मैच में जो रूट भी इंग्लैंड की टीम का हिस्सा थे। हालांकि, वह फ्लाप रहे थे। जो रूट उस मैच में भारत के खिलाफ सिर्फ चार रन ही पना पाए थे।

गिल नंबर 1, अक्षर-सुंदर भी टॉप 5 में; भारत-इंग्लैंड पहले ODI के बाद शीर्ष 5 बैटर और बॉलर

भारत और इंग्लैंड के बीच बर्मिंघम में खेले गए पहले वनडे मैच में टीम इंडिया ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत में हीरो रहे अक्षर पटेल जिन्होंने अर्धशतक लगाया और 4 विकेट लिए। इस मैच के बाद टॉप 5 बल्लेबाजों और गेंदबाजों की लिस्ट इस खबर में उपलब्ध है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)