भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में शानदार जीत अपने नाम कर ली है। बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया यह मुकाबला टीम इंडिया ने 6 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। बर्मिंघम में 12 साल के इंतजार के बाद भारतीय टीम ने वनडे मैच जीता है। अक्षर पटेल इस मैच में टीम इंडिया की जीत के हीरो साबित हुए। उन्होंने गेंद के बाद बल्ले से कमाल किया और शानदार अर्धशतकी पारी खेली।
अक्षर पटेल ने गेंदबाजी में 9.5 ओवर में 4 विकेट लेकर 62 रन दिए थे। इसके बाद बल्लेबाजी में उन्होंने टीम को तब संभाला जब उनकी बल्लेबाजी की खास जरूरत थी। अक्षर ने 52 गेंद पर नाबाद 57 रन की पारी खेली। कप्तान शुभमन गिल के रिटायर्ड हर्ट होने और श्रेयस अय्यर व केएल राहुल के आउट होने के बाद अक्षर ने भारतीय पारी को संभाला। उन्होंने वाशिंगटन सुंदर के साथ नाबाद 102 रन की साझेदारी की और भारत को जीत तक पहुंचाया।
भारत की 12 साल बाद बर्मिंघम में जीत
भारत ने इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ अब तक 46 वनडे मैच खेले हैं। इंग्लैंड की सरजमीं पर भारत को यह 19वीं जीत मिली है। जबकि इंग्लैंड की टीम ने 23 मैच भारत के खिलाफ अपने घर पर जीते हैं। भारत की बर्मिंघम में आखिरी जीत 2014 में अंग्रेज टीम के खिलाफ आई थी। इस मैदान पर इंग्लैंड की भी यह आखिरी हार थी। उसके बाद से यहां इंग्लैंड लगातार सात वनडे मैच जीता था। अब फिर से भारत ने इंग्लैंड को यहां हराया है।
भारत ने 2014 से 2026 के बीच यहां एक भी मैच नहीं जीता था। अब 12 साल बाद इस मैदान पर टीम इंडिया को वनडे जीत मिली है। भारत ने बर्मिंघम में अब तक 13 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उसने 9 में जीत हासिल की है, जबकि चार में हार झेली है। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में भारत का यह छठा वनडे मैच था और भारतीय टीम को चौथी जीत मिली है। आखिरी बार यहां 30 जून 2019 को भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी और 31 रन से मैच हारी थी।
मैच में क्या-क्या हुआ?
इस मैच की बात करें तो पहले खेलते हुए इंग्लैंड ने 47.5 ओवर में 258 रन बनाए थे और ऑलआउट हो गई थी। जो रूट ने 76 और लियाम डॉसन ने 68 रन की पारी खेली थी। जवाब में भारतीय टीम ने 45.2 ओवर में 4 विकेट गंवाकर मुकाबला अपने नाम किया। अक्षर के अलावा वाशिंगटन सुंदर ने भी अच्छी बल्लेबाजी की और नाबाद 52 रन बनाए और छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। वहीं कप्तान शुभमन गिल 75 गेंद पर 80 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए।
उपकप्तान श्रेयस अय्यर 35 रन बनाकर रनआउट हुए और उन्होंने कप्तान गिल के रिटायर्ड हर्ट होने से पहले तक 101 रन की नाबाद साझेदारी की। फिर केएल राहुल 1 रन बनाकर ही पवेलियन लौट गए। रोहित शर्मा 21 गेंद पर 11 और विराट कोहली 6 गेंद पर 5 रन बनाकर आउट हुए और उनका आगाज इस दौरे पर खास नहीं रहा। गेंदबाजी में भारत के लिए अक्षर ने 4, गुरनूर और प्रसिद्ध ने 2-2 और बुमराह व शिवम ने 1-1 विकेट झटके। अब सीरीज में भारत 1-0 से आगे है और दूसरा मुकाबला 16 जुलाई को कार्डिफ में खेला जाएगा।
रोहित-विराट दोनों फ्लॉप, पहले वनडे में ‘RoKo’ फैंस को मिली निराशा; टीम इंडिया की बढ़ी चिंता
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली का बल्ला नहीं चल पाया। दोनों दिग्गजों ने निराश किया। रोहित 11 और विराट सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
