भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट के बाद वनडे में भिड़ंत होगी। 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच 17 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने शतक लगाकर टेस्ट सीरीज का शानदार तरीके से अंत किया था। अब पहले वनडे में उनकी निगाहें टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ने और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की बराबरी करने पर होगी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड
मुंबई में पहले वनडे में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा पारिवारिक कारणों के चलते नहीं खेलेंगे। ऐसे में इस मैच में अगर विराट कोहली शतक लगाते हैं तो वह हिटमैन से आगे निकल जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है।उन्होंने 71 मैच में 9 सैंकड़ा जड़े हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली इस मामले में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर है। रोहित ने 40 मैच में 8 शतक जड़े हैं। वहीं विराट ने 43 मैच में 8 शतक जड़े हैं। ऐसे में वह रोहित से आगे निकल सकते हैं।
विराट कोहली वनडे क्रिकेट में बेहतरीन फॉर्म में
विराट कोहली वनडे क्रिकेट में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। वह साल 2023 में 6 वनडे में 2 शतक जमा चुका हैं। उन्होंने 67.60 के औसत से 338 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा भी अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। वह 6 मैच में 54.66 के औसत से 328 रन बना चुके हैं। इसमें एक शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। दोनों ही खिलाड़ियों का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड बेहतरीन है। रोहित शर्मा ने अपने पहला दोहरा शतक बी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही जड़ा था।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो टॉप-5 में तीन भारतीय हैं। ये खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा और विराट कोहली ही हैं। सचिन तेंदुलकर ने 71 मैच में 44.59 के औसत से 9 शतक और 15 अर्धशतक की मदद से 3077 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा ने 40 मैच में 61.33 के औसत से 2262 रन बनाए हैं। उन्होंने 8 शतक और 8 अर्धशतक जड़े हैं। विराट कोहली ने 43 मैच में 54.81 के औसत से 2083 रन बनाए हैं। उन्होंने 8 शतक और 10 अर्धशतक लगाए हैं।