Virat Kohli Test Century Record: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथे टेस्ट मैच के दौरान विराट कोहली ने न सिर्फ शतक का सूखा खत्म किया, बल्कि सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ा। विराट कोहली ने 12 मार्च 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना 75वां अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। विराट कोहली ने 75वां शतक पूरा करने के लिए 552 पारियां खेलीं। वह सबसे कम पारियों में इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर ने अपने 75 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरे करने के लिए 566 पारियां खेली थीं।
विराट कोहली का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह 8वां टेस्ट शतक था। कोहली ने सुनील गावस्कर की बराबरी की। सुनील गावस्कर ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 टेस्ट शतक लगाए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर शीर्ष पर हैं। उनके 11 शतक हैं।
अहमदाबाद से पहले विराट कोहली का 27वां टेस्ट शतक नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच (गुलाबी गेंद, दिन-रात्रि) में आया था। विराट कोहली ने तब 136 रन बनाए थे। तब से अहमदाबाद टेस्ट के पहले तक विराट कोहली ने 41 पारियों में 25.70 के औसत और 6 अर्धशतकों की मदद से 1028 रन बनाए थे। इसी अवधि में उनके साथी जो रूट ने 53, केन विलियमसन ने 56 और स्टीव स्मिथ ने 48 के औसत से रन बनाए।
विराट कोहली 46 अलग-अलग मैदान पर ठोके हैं शतक
विराट कोहली ने 27 से 28वें टेस्ट शतक पहुंचने के लिए 2633 गेंदें खेलीं। विराट कोहली का पिछला सबसे लंबा इंतजार 11 पारियों का था, जो उन्होंने अपने 11वें और 12वें टेस्ट शतकों के बीच लिया था। विराट कोहली ने 46 विभिन्न मैदान पर शतक लगाए हैं। विराट कोहली से आगे (53 स्टेडियम) केवल सचिन तेंदुलकर हैं।
अहमदाबाद टेस्ट के दौरान जहां विराट कोहली ने कई कीर्तिमान अपने नाम किए। वहीं, टीम इंडिया ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक खास रिकॉर्ड बनाया। भारतीय बल्लेबाजों ने पहली पारी के दौरान दस छक्के लगाए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच की किसी एक पारी में टीम इंडिया की ओर से पहली बार 10 छक्के लगाए गए हैं।
इससे पहले भारत की ओर से अधिकतम 8 छक्के ही लगाए गए थे। भारतीय क्रिकेट टीम ने 1986 में मुंबई और 2013 में चेन्नई में खेले गए टेस्ट मैच की पारियों में 8-8 छक्के लगाए थे। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम की बात करें तो यह केवल चौथा अवसर है, जब उसके खिलाफ किसी पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए गए हों।
भारत ने 6 साल में दूसरी बार खेले 175 से ज्यादा ओवर
भारतीय क्रिकेट टीम ने अहमदाबाद में अपनी पहली पारी के दौरान 178.5 ओवर बल्लेबाजी की। पिछले 6 साल में भारतीय टीम की यह सबसे लंबी पारी है। इससे पहले भारत ने 2017 में रांची के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में पहली पारी में 210 ओवर बल्लेबाजी की थी।
विराट के 27वें टेस्ट शतक के समय यह थी फैब फोर की स्थिति
जब विराट कोहली ने अपना 27वां टेस्ट शतक लगाया था, उस समय तक जो रूट ने 16 शतक और 48.41 के औसत से 7282 रन बनाए थे। स्टीव स्मिथ ने 26 शतक और 64 के औसत से 7033 रन बनाए थे। केन विलियमसन ने 20 शतक और 52.21 के औसत से 6322 रन बनाए थे। वहीं विराट कोहली ने 54.97 के औसत से 7202 रन बनाए थे।