भारतीय टीम 6 जून से इंटरनेशनल ड्यूटी पर लौटेगी। अफगानिस्तान के खिलाफ न्यू चंडगढ़ में टेस्ट मैच खेलना है। इससे पहले गौतम गंभीर की अगुआई वाले कोचिंग स्टाफ में नए सदस्य की एंट्री हुई है। भारत के पूर्व लेग-स्पिनर साईराज बहुतुले पुरुष टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच के तौर पर जुड़े हैं। 53 साल के साईराज व्हाइट-बॉल क्रिकेट में भी भारत के स्पिनरों के साथ काम करेंगे।
बहुतुले का अंतरराष्ट्रीय करियर उतार-चढ़ाव वाला रहा। उन्होंने 1997 में भारत के लिए डेब्यू किया और 2003 में अपना आखिरी मैच खेला। इन सालों में उन्होंने सिर्फ दो टेस्ट और आठ वनडे खेले। हालांकि, उन्होंने घरेलू क्रिकेट में बहुत अच्छा खेला। उन्होंने लगभग 20 साल के करियर में 188 फर्स्ट-क्लास मैचों में 630 विकेट और अपनी लेग स्पिन से 143 लिस्ट ए मैचों में 197 विकेट लिए।
भारतीय टीम में पहली बार स्पिन-गेंदबाजी कोच
भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ में पहली बार कोई स्पिन-गेंदबाजी कोच शामिल हुआ है। इसमें हेड कोच गौतम गंभीर और सीतांशु कोटक (बल्लेाजी), मोर्ने मोर्कल (तेज गेंदबाजी),टी दिलीप (फील्डिंग) और रयान टेन डोएशेट (सहायक कोच) पहले से हैं। बहुतुले इससे पहले आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) के स्पिन-बॉलिंग कोच के थे। वह केरल और बंगाल पुरुष टीमों के साथ काम कर चुके हैं।
भारतीय टीम के साथ काम कर चुके हैं बहुतुले
नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) से जुड़ने से पहले बहुतुले 2018 से 2021 तक राजस्थान रॉयल्स के सपोर्ट स्टाफ का भी हिस्सा थे। उन्होंने इंडिया ए और कुछ मौकों पर भारतीय के सपोर्ट स्टाफ में काम किया, जब राहुल द्रविड़ हेड कोच थे। 2025 में वह राजस्थान रॉयल्स के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा थे।
भारतीय टीम का घरेलू सरजमीं पर खराब प्रदर्शन
भारत अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) अंक तालिका में छठे नंबर पर है। उसने चार टेस्ट जीते हैं और चार हारे हैं। एक मैच ड्रॉ भी रहा है। भारतीय टीम घरेलू सरजमीं पर पिछली तीन टेस्ट सीरीज में से दो हारी है। 2024 के आखिर में न्यूजीलैंड ने उसे 3-0 से और फिर नवंबर 2025 में साउथ अफ्रीका ने 2-0 से हराया था।
आईपीएल 2026 के बाद भारत का शेड्यूल
भारत का 2026-27 का घरेलू सीजन सितंबर के आखिर में शुरू होगा। भारतीय टीम दिसंबर तक आयरलैंड, इंग्लैंड, जिम्बाब्वे और न्यूजीलैंड का दौरा करेगी। पूरी खबर पढ़ें।
