भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज से पहले जहां दिग्गज विराट कोहली के बाहर होने से फैंस को झटका लगा था। अब स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के भी वनडे सीरीज से बाहर होने की खबरें सामने आई हैं। अभी भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है। अगर उनकी जगह लेने के दावेदारों की बात करें तो जिन तीन खिलाड़ियों में से किसी की एंट्री हो सकती है, वह सभी धाकड़ प्लेयर हैं।
हार्दिक पंड्या को लेकर खबरें थीं कि वह और रोहित शर्मा सीरीज से पहले फिट हो जाएंगे। बुधवार (10 जून) को ताजा जानकारी के मुताबिक कोई नई इंजरी उभरने के कारण अब पंड्या वनडे सीरीज में शायद नजर नहीं आएंगे। फिलहाल अगर उनके वनडे टीम में रिप्लेसमेंट की बात करें तो नितीश कुमार रेड्डी के रूप में एक पेस ऑलराउंडर टीम में पहले से मौजूद है। अगर एक अन्य रिप्लेसमेंट का ऐलान हुआ तो इन तीम में से किसी एक खिलाड़ी की जगह बन सकती है।
अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए हार्दिक के रिप्लेसमेंट के दावेदार
1- शिवम दुबे
बाएं हाथ के बल्लेबाज और हाल ही में आईपीएल के बाद टी20 मुंबई लीग 2026 में अपनी गेंदबाजी से जलवा बिखेर रहे शिवम दुबे को हार्दिक के रिप्लेसमेंट का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, शिवम ने इससे पहले भारत के लिए सिर्फ चार एकदिवसीय मुकाबले की खेले हैं। आखिरी बार उन्होंने अगस्त 2024 में वनडे मैच खेला था। यानी तकरीबन 22 महीनों के बाद उनकी एंट्री हो सकती है, अगर उनका नाम चुना जाता है।
2- शार्दुल ठाकुर
शार्दुल ठाकुर लंबे समय से टीम इंडिया से दूर हैं। उन्होंने 2023 वर्ल्ड कप के बाद से एक भी एकदिवसीय मैच भारत के लिए नहीं खेला है। हालांकि, घरेलू क्रिकेट, आईपीएल में शार्दुल लगातार एक्शन में नजर आए। उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है लेकिन उनका अनुभव उनको भी भारतीय टीम में हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया में एंट्री पाने का दावेदार बनाता है। शार्दुल ने भारत के लिए 47 वनडे इंटरनेशनल खेलते हुए 65 विकेट लिए हैं और एक अर्धशतक समेत 329 रन बनाए हैं।
3- आकिब नबी डार
आकिब नबी डार को अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के स्क्वाड में जगह नहीं मिली थी। हालांकि, बेहतरीन रणजी सीजन के बाद उनको टीम में लाने की मांग लगातार उठ रही है। आकिब को बाद में नेट बॉलर के तौर पर टीम के साथ जोड़ा भी गया था। अब उनको वनडे टीम में हार्दिक पंड्या की जगह रिप्लेसमेंट का दावेदार भी मान सकते हैं। इसका कारण हैं उनके लिस्ट ए आंकड़े। आकिब ने 36 लिस्ट ए मुकाबलों में 56 विकेट लिए हैं और एक शतक भी लगाया है। उनकी बल्लेबाजी क्षमता और बेहतरीन पेस बॉलिंग स्किल उन्हें लंबी रेस में भी टीम के अंदर हार्दिक पंड्या के रिप्लेसमेंट का दावेदार बना सकती है।
विराट कोहली के बाद 32 साल का ऑलराउंडर हुआ टीम से बाहर, अफगानिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेगा वनडे सीरीज
अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से होने वाले 3 मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए निराश करने वाली खबर सामने आई और 32 साल के यह ऑलराउंडर टीम से बाहर हो गया। कोहली पहले ही इस वनडे सीरीज से बाहर हो चुके हैं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
