अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए मंगलवार (19 मई) को भारतीय टीम का ऐलान हो गया। ऋषभ पंत को बड़ा झटका लगा है। भारतीय टेस्ट टीम की उप-कप्तानी उनसे छीन गई है। बीते साल शुभमन गिल के चोटिल होने पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्होंने कप्तानी संभाली थी। भारत उस सीरीज में 0-2 से हारा था। पंत की जगह अब टेस्ट में केएल राहुल उप-कप्तान होंगे।
ऋषभ पंत को टेस्ट से भी बड़ा झटका वनडे में लगा है। वह वनडे टीम से बाहर हो गए हैं। बीते दो साल से वह वनडे टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच में खेलने को मौका नहीं मिला। उन्हें अब वनडे टीम से बाहर कर दिया गया है। इशान किशन को दूसरे विकेटकीपर के तौर पर मौका मिला है। पंत 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी में भी भारत की वनडे सीरीज का हिस्सा था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने को नहीं मिला।
अगस्त 2024 में आखिरी बार वनडे खेले थे ऋषभ पंत
ऋषभ पंत ने अगस्त 2024 में आखिरी बार वनडे मैच खेला था। इससे पहले जनवरी 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल होने के कारण बाहर हो गए थे। उनके दाहिने पेट की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। उनकी जगह ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल किया गया था। पंत ने वनडे में 31 मैच खेले हैं और 27 पारियों में 33.50 के औसत और 106.21 के स्ट्राइक रेट से 871 रन बनाए हैं। इसमें 1 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 125 उनका सर्वोच्च स्कोर है।
ऋषभ पंत के बाहर होने पर अगरकर क्या बोले
ऋषभ पंत के बाहर होने पर भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा, ‘ऋषभ एक शानदार टेस्ट प्लेयर हैं। जाहिर है, वह अभी वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं। हम चाहते हैं कि वह हमेशा की तरह बेस्ट टेस्ट प्लेयर बनें। मुझे नहीं लगता कि टेस्ट टीम में उनकी जगह को लेकर कोई चिंता है। मुझे लगता है कि वह उस लाइन-अप में हमारे मेन बड़े बैट्समैन में से एक हैं। मुझे यकीन है कि वह (व्हाइट-बॉल में) कुछ और रन बनाना चाहेंगे, लेकिन वह हमेशा टेस्ट क्रिकेट में बेहतर रहे हैं। तो, जहां तक वनडे क्रिकेट की बात है, इस समय, हमने दो अलग-अलग ऑप्शन चुने हैं।’
टीम इंडिया में 4 नए खिलाड़ियों की एंट्री
भारतीय टीम का अफगानिस्तान सीरीज के लिए टेस्ट और वनडे स्क्वाड घोषित हुआ। वनडे और टेस्ट में चार नए खिलाड़ियों की टीम इंडिया में एंट्री हुई। जबकि कई पुराने खिलाड़ी बाहर हैं। रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या टीम में हैं लेकिन खेलने पर संशय बना हुआ है। पूरी खबर पढ़ें।
