भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का आगाज शनिवार से होना है। पहले एकदिवसीय से एक दिन पहले अफगानिस्तान के एक क्रिकेटर पर दुखों का पहाड़ टूटा है। अफगान क्रिकेटर दारविश रसूली के पिता के निधन की खबर सामने आई है। इसी कारण मैच से ठीक एक दिन पहले टॉप ऑर्डर का यह बल्लेबाज अचानक अपने देश लौट गया। दारविश का इस सीरीज में वनडे इंटरनेशनल डेब्यू हो सकता था।

पीटीआई की जानकारी के मुताबिक अफगान क्रिकेटर दारविश रसूली धर्मशाला से सीधे अफगानिस्तान अपने घर लौट गए हैं। वह निश्चित ही 13 जून को होने वाले पहले वनडे के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। इस सीरीज में उन्हें वनडे इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार है, उनके डेब्यू से पहले ही उनके लिए दुखद खबर सामने आई। दारविश ने अफगानिस्तान के लिए इससे पहले सिर्फ 28 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। उनके नाम चार अर्धशतक समेत 515 रन भी दर्ज हैं।

पिछली दो वनडे पारियों में शतक ठोक चुके हैं दारविश

उनका घरेलू लिस्ट ए क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। पिछली दो पारियों में उन्होंने घरेलू लिस्ट ए मैच में 101 और नाबाद 100 रन बनाए थे। जबकि उससे पहल दो पारियों में वह 87 और 83 रन बना चुके थे। यानी पिछली चार वनडे पारियों में दारविश ने 50 प्लस का स्कोर बनाया था। यही कारण है कि उनको अफगानिस्तान की वनडे टीम में चुना गया। अब देखना होगा कि इस दुखद खबर के बाद यह खिलाड़ी टीम के साथ वापस लौटता है या नहीं।

पहले वनडे के लिए अफगानिस्तान की संभावित प्लेइंग 11

रहमनुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, अल्लाह गजनफर, सलीम सैफी, बिलाल सामी।

तीन मैचों की वनडे सीरीज का शेड्यूल

भारत और अफगानिस्तान के बीच इस वनडे सीरीज के तीन मुकाबले 13 जून, 17 जून और 20 जून को खेले जाएंगे। पहला वनडे मैच धर्मशाला में होगा। जबकि दूसरा मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा और तीसरा व अंतिम एकदिवसीय मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए अफगानिस्तान का पूरा स्क्वाड

हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दारविश रसूली, रहमत शाह, इकराम अलीखिल, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, नांग्याल खारोताई, अल्लाह गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद मलिक, बिलाल सामी।

भारत-अफगानिस्तान पहले वनडे की संभावित प्लेइंग 11, एक खिलाड़ी का डेब्यू; यशस्वी या इशान किसे मिलेगी जगह?

भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून के धर्मशाला में खेला जाएगा। रोहित शर्मा खेलने के लिए फिट हैं। नंबर 3 पर यशस्वी या इशान किसे मौका मिलेगा, इस पर संशय बना हुआ है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर