IND U19 vs SL U19: श्रीलंका अंडर 19 टीम के खिलाफ पहले अनाधिकारिक टेस्ट मैच की पहली पारी में इंडिया अंडर 19 टीम के ओपनर बल्लेबाज लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने गजब का पारी खेली और दोहरा शतक लगाया। उन्होंने पहली पारी में सागर विर्क के साथ पहले विकेट के लिए 295 रन की साझेदारी की और 29 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ा जो यूथ टेस्ट में जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने बनाए थे। हालांकि लक्ष्य और सागर, गौतम गंभीर और विनायक माने से आगे नहीं निकल पाए।

लक्ष्य ने लगाया दोहरा शतक

लक्ष्य ने इस मैच में गजब की पारी खेली और इंडिया अंडर 19 की पारी को संभालने का काम किया। उन्होंने अपना शतक पहली पारी में 148 गेंदों पर चौका लगाकर पूरा किया जबकि उन्होंने अपना दोहरा शतक 310 गेंदों पर लगाया। हालांकि दोहरा शतक पूरा करने के बाद वो ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं पाए और आउट हो गए। पहली पारी में उन्होंने 324 गेंदों पर 207 रन बनाए और इस दौरान उनके बल्ले से 3 छक्के और 22 चौके भी निकले।

लक्ष्य-सागर ने तोड़ा 29 साल पुराना रिकॉर्ड

श्रीलंका अंडर 19 टीम के खिलाफ लक्ष्य और सागर विर्क (134 रन) ने पहले विकेट के लिए 551 गेंदों पर 295 रन की तगड़ी साझेदारी की और 29 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ा। लक्ष्य और सागर ने यूथ टेस्ट क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी करने का कमाल किया। इन दोनों ने जिम्बाब्वे के बैटर डगलस मरीलियर और मार्क वर्म्यूलन को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने 1997 में इंग्लैंड के खिलाफ पहले विकेट के लिए 268 रन की साझेदारी की थी। यूथ टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड गौतम गंभीर और विनायक माने के नाम पर दर्ज है जिन्होंने साल 2001 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में 391 रन की पार्टनरशिप की थी।

यूथ टेस्ट में सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरश‍िप करने वाले टॉप-5 जोड़ी

391 रन- गौतम गंभीर-विनायक माने (भारत) बनाम इंग्लैंड, चेन्नई, 2001
295 रन- लक्ष्य रायचंदानी-सागर विर्क (भारत) बनाम श्रीलंका, गॉल, 2026
268 रन- डगलस मरीलियर-मार्क वर्म्यूलन (जिम्बाब्वे) बनाम इंग्लैंड, 1997
256 रन – माइकल स्लेटर-रॉब केली (ऑस्ट्रेलिया) बनाम न्यूजीलैंड, 1989
247 रन – मार्कस ट्रेस्कोथिक-एंथनी मैक्ग्रा (इंग्लैंड) बनाम दक्षिण अफ्रीका, 1995

इंडिया अंडर 19 टीम के खिलाफ इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहली पारी में श्रीलंका ने सेनूजा वेकुनागोडा की 233 रन की पारी के दम पर 9 विकेट पर 424 रन बनाकर पारी की घोषणा कर दी थी। इसके जवाब में इंडिया ने खबर लिखे जाने तक पहली पारी में 4 विकेट पर 436 रन बना लिए थे और उसे 12 रन की बढ़त मिल चुकी थी।

रोहित शर्मा- राहुल द्रविड़ नंबर 5, टॉप पर रहे ये दोनों; आकाश चोपड़ा ने चुनी 6 बेस्ट कप्तान-कोच की जोड़ी

आकाश चोपड़ा ने टॉप-6 बेस्ट कोच और कप्तान की जोड़ी का चयन किया जिसमें रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ को 5वें स्थान पर रखा जबकि पहले नंबर पर उन्होंने इस जोड़ी को जगह दी। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)