Pakistan U19 vs India U19: पाकिस्तान के गेंदबाजों के खिलाफ भारतीय अंडर 19 क्रिकेट टीम के बल्लेबाज वेदांत त्रिवेदी ने जमकर संघर्ष किया और भारत के लिए सुपर सिक्स के इस मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेलने में सफल रहे। रन बनाने के लिए मुश्किल इस पिच पर वेदांत की पारी भारत के लिए काफी अहम रही जहां भारतीय टीम के ज्यादातर बैटर बुरी तरह से असफल रहे।
वेदांत ने खेली 68 रन की पारी
वेदांत ने इस मैच में यानी पाकिस्तान के खिलाफ अहम पारी खेलते हुए 98 गेंदों पर एक छक्का और 2 चौकों की मदद से 68 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने अपना अर्धशतक 74 गेंदों पर पूरा किया और डटकर पाकिस्तानी गेंदबाजों का सामना किया। वेदांत ने चौथे विकेट के लिए विहान मलहोत्रा के साथ 62 रन, अभिज्ञान कुंडू के साथ 5वें विकेट के लिए 38 रन, छठे विकेट के लिए आर एस अंबरीश के साथ 35 रन की साझेदारी की।
डक पर आउट हुए आयुष म्हात्रे
पाकिस्तान के खिलाफ ज्यादातर भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह से सरेंडर नजर आए जिसमें वैभव सूर्यवंशी ने 30 रन की पारी खेली जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे तो खाता भी नहीं खोल पाए। एरोन जॉर्ज 16 रन के स्कोर पर निपट गए जबकि विहान ने 21 रन की पारी खेली। अभिज्ञान कुंडू ने 16 रन बनाए तो वहीं आर एस अंबरीश ने निचले क्रम पर 29 रन का योगदान दिया। भारत के लिए आखिरी वक्त पर कनिष्क चौहान ने 35 रन की अहम पारी खेली जबकि खिलान पटेल ने 15 गेंदों पर 21 रन बनाए।
भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 45.5 ओवर में ये टीम 252 रन के स्कोर पर आउट हो गई। भारत ने अपने पहले तीन विकेट 47 के स्कोर पर गंवाया था जबकि इस टीम ने आखिरी के तीन विकेट भी सिर्फ 3 रन के अंदर ही गंवा दिए। इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन साफ तौर पर निराश करने वाला रहा। पाकिस्तान के लिए अब्दुल सुभान ने सबसे ज्यादा 3 जबकि मो. सय्याम ने 2 विकेट लिए।
IND U19 vs PAK U19: पाकिस्तान के खिलाफ नहीं चले वैभव; तोड़ा शुभमन गिल और उन्मुक्त चंद का यह रिकॉर्ड
