भारतीय अंडर 19 टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 6 मुकाबले में पहले खेलते हुए 49.4 ओवर में 252 रन बनाए। इस मैच में भारतीय टॉप ऑर्डर ने निराश किया, लेकिन अंत में कनिष्क चौहान (38) और खिलान पटेल ने (21) शानदार बल्लेबाजी से स्कोर 250 पार पहुंचाया। इस मैच में कप्तान आयुष म्हात्रे खाता नहीं खोल पाए। वहीं वैभव सूर्यवंशी (30), एरोन जॉर्ज (16) भी फ्लाप रहे।
भारत हारकर भी कर सकता है सेमीफाइनल में एंट्री
अब पाकिस्तान की टीम अगर यह लक्ष्य 33.3 ओवर में चेज करती है तो ही भारतीय टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर होगी। अगर पाकिस्तान ने 33.3 ओवर के बाद मैच जीता तो भी भारतीय टीम हारकर भी सेमीफाइनल में जगह बना लेगी। यानी भारतीय गेंदबाजों का लक्ष्य है बस पाकिस्तान को 33.3 ओवर तक लक्ष्य चेज करने से रोकना। यानी 33.3 ओवर के बाद पाकिस्तान जीतकर भी बाहर हो जाएगा।
पाकिस्तान के रिकॉर्ड की बात करें तो पाकिस्तानी टीम ने 200 प्लस का लक्ष्य कभी 36 ओवर से कम में नहीं जीता है। यानी यह मैच दूसरी पारी में बेहद अहम होने वाला होगा। भारतीय गेंदबाजों पर नजरें होंगी। अगर गेंदबाजों ने 33.4 ओवर से पहले पाकिस्तान को रोक लिया तो भारत को सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा और पाकिस्तान बाहर हो जाएगा। अभी तक ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और इंग्लैंड ने अंतिम 4 में जगह बनाई है।
भारतीय बल्लेबाजी डगमगाई
भारतीय बल्लेबाजी इस मैच में कुछ खास नहीं रही थी। टॉप ऑर्डर ध्वस्त हो गया था और 47 के स्कोर पर ही भारत ने एक के बाद एक तीन विकेट गंवा दिए थे। इस मैच में भारत के लिए मध्यक्रम में अकेले लड़ाई लड़ते दिखे वेदांत त्रिवेदी जिन्होंने 68 रन की पारी खेली और एक छोर संभाले रहे। उनके अलावा विहान मल्होत्रा (21) और अभिज्ञान कुंडू (16) भी लंबी पारी नहीं खेल पाए।
पाकिस्तानियों से अकेले लड़े वेदांत, खेली अर्धशतकीय पारी; ज्यादातर भारतीय बल्लेबाजों ने घुटने टेके
आरएस अम्ब्रीश ने 29 रन की पारी खेली और स्कोर 200 तक पहुंचाया। वह भी 44वें ओवर में 29 रन बनाकर अली रजा का शिकार बने। अंत में खिलान पटेल (21) और कनिष्क चौहान (35) ने 8वें विकेट के लिए 50 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और भारतीय टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचाने में मदद की। पाकिस्तान के लिए अब्दुल सुभान ने 3 और मोहम्मद सय्याम ने 2 विकेट लिए।
