U19 World Cup 2026 Final, Ind U19 vs Eng U19: अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंडिया अंडर 19 टीम ने अपने ओपनर वैभव सूर्यवंशी की तूफानी शतकीय पारी साथ ही कप्तान आयुष म्हात्रे की अर्धशतकीय पारी के दम पर 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन का विशाल स्कोर बनाया। इंग्लैंड को जीत के लिए 412 रन का लक्ष्य मिला जो लगभग नामुमकिन सा लग रहा है।
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 411 रन का स्कोर बनाकर इतिहास रच दिया और अंडर 19 वर्ल्ड कप नॉक आउट मैचों में ये सबसे बड़ा स्कोर रहा। यही नहीं ये अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का भी अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। वैभव ने इस मैच में 55 गेंदों पर शतक लगाया जो ओवर ऑल दूसरा तो वहीं भारत के लिए अंडर 19 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक रहा।
वैभव ने खेली 175 रन की पारी
इस मुकाबले में भारत के कप्तान आयुष ने टॉस जीता था और पहले बैटिंग का फैसला किया था। आयुष ने ऐसा फैसला पिच को देखते हुए लिया था जो बल्लेबाजी के अनुकूल थी और उनका ये फैसला सही साबित भी हुआ। भारत ने बेशक इस मैच में अपना पहला विकेट एरोन जॉर्ज (9 रन) के रूप में 20 रन के स्कोर पर गंवा दिया, लेकिन उसके बाद वैभव और आयुष का दम देखने को मिला।
वैभव-आयुष के बीच 142 रन की साझेदारी
वैभव और आयुष ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 90 गेंदों पर 142 रन की साझेदारी करते हुए टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया और भारत का दूसरा विकेट 162 रन के स्कोर पर कप्तान आयुष के रूप में गिरा जिन्होंने 51 गेंदों पर 53 रन की पारी खेली। आयुष के आउट होने के बाद वैभव का जलवा जारी रहा और उन्होंने 80 गेंदों पर 15 छक्के और 15 चौकों की मदद से 175 रन बनाए और फिर आउट हो गए। भारत ने तीसरा विकेट वैभव के रूप में तब गंवाया जब भारत का स्कोर 251 रन था।
कनिष्क चौहान ने खेली नाबाद 37 रन की पारी
भारत ने चौथा विकेट पहली पारी में 302 रन के स्कोर पर गंवाया और ये विकेट विहान मलहोत्रा का था जिन्होंने 30 रन की पारी खेली तो वहीं इंडिया का 5वां विकेट 308 रन पर वेदांत के रूप में गिरा जिन्होंने 32 रन की पारी खेली। अभिज्ञान कुंडू ने भी निचले क्रम पर 31 गेंदों पर 40 रन की तेज पारी खेली। खिलान पटेल ने 3 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवाया जबकि हेनिल ने 5 रन की पारी खेली। कनिष्क चौहान ने टीम के लिए आखिरी वक्त में 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन की पारी खेली। इंग्लैंड के लिए जेम्स मिंटो ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
ये खबरें भी पढ़ें
