IND U19 vs ENG U19, U19 World Cup 2026 Final Match: अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला शुक्रवार यानी 6 फरवरी को इंडिया अंडर 19 और इंग्लैंड अंडर 19 के बीच खेला जाएगा। ये मैच बेहद रोमांचक होने वाला है। फाइनल मुकाबले में भारत का पलड़ा भारी नजर आ रहा है और भारत क्यों छठी बार खिताब जीत सकता है उसके कई कारण हैं।
भारत की विस्फोटक बैटिंग
भारतीय टीम के पास वैभव सूर्यवंशी और एरोन जॉर्ज जैसे विस्फोटक ओपनर हैं जो शानदार लय में हैं। भारत के 14 साल के ओपनर वैभव इस टूर्नामेंट के सबसे खतरनाक बैटर्स में से एक बनकर उभरे हैं और सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने जिस तरह से 33 गेंदों पर 68 रन की पारी खेली उसके बाद ये साफ हो गया कि वो किसी भी गेंदबाजी अटैक को तहस-नहस कर सकते हैं।
भारत के दूसरे ओपनर एरोन जॉर्ज ने सेमीफाइनल में 115 रन बनाए और उन्होंने साबित किया कि वो बड़े मैचों के प्लेयर हैं और लंबी पारी खेलने का दमखम रखते हैं। भारतीय बैटिंग में काफी गहराई है जिसमें कप्तान आयुष म्हात्रे, विहान मलहोत्रा, अभिज्ञान कुंडू, आरएस अंबरीश शामिल हैं जो दवाब में भी रन बनाने की क्षमता रखते हैं।
बेहद संतुलित है भारतीय बॉलिंग अटैक
भारतीय बॉलिंग अटैक काफी संतुलित हैं जिसमें हेनिल पटेल, आर एस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल जैसे गेंदबाज शामिल हैं। जरूरत पड़ने पर कप्तान आयुष भी विकेट निकाल सकते हैं और अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने 3 विकेट लिए थे।
हरारे की पिच पर भारतीय स्पिनर्स इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।
अंडर 19 वर्ल्ड कप में कमाल का है भारत का रिकॉर्ड
भारत का अंडर 19 वर्ल्ड कप में अब तक रिकॉर्ड शानदार रहा है और ये टीम 5 बार चैंपियन बन चुकी है। कोई भी टीम अब तक 5 बार चैंपियन नहीं बनी है। भारत का ये लगातार छठा और कुल 10वां फाइनल मैच होगा। वर्ल्ड कप में भारत का पलड़ा इंग्लैंड पर भारी रहा है। साल 2022 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराकर ही अपना 5वां टाइटल जीता था। भारतीय खिलाड़ियों के पास अनुभव की कोई कमी नहीं है और ये टीम इस सीजन अब तक खेले अपने सभी 6 मैच जीते हैं।
ये खबरें भी पढ़ें
