भारत के लिए अंडर 19 विश्व कप जीत चुके एक खिलाड़ी को श्रीलंका में गिरफ्तार कर लिया गया था। इस खिलाड़ी के ऊपर श्रीलंका की टी20 लीग, एलपीएल (लंका प्रीमियर लीग) के दौरान खिलाड़ियों को रिश्वत देने के आरोप लगे हैं। यह खिलाड़ी लीग की फ्रेंचाइजी जाफना किंग्स का सह मालिक भी है। श्रीलंका के कुछ इंटरनेशनल खिलाड़ियों द्वारा इस मामले की शिकायत की गई तब इस पर कार्रवाई हुई। इस खिलाड़ी का नाम है मनजोत कालरा।

मनजोत कालरा ने 2018 अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में शतक जड़ा था। वह पृथ्वी शॉ की कप्तानी में अंडर 19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक लंका प्रीमियर लीग के दौरान जाफना किंग्स के सह-मालिक और भारत के एक पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर को शुक्रवार को श्रीलंका की खेल भ्रष्टाचार रोधी जांच इकाई ने एक खिलाड़ी को रिश्वत देने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी टूर्नामेंट के छठे चरण के शुरू होने से कुछ घंटे पहले हुई।

रिपोर्ट में बताया गया कि खेलों से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस विशेष जांच इकाई ने गिरफ्तार किया और बाद में मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। आपको बता दें कि 27 वर्षीय कालरा ने इस साल की शुरुआत में जाफना किंग्स फ्रेंचाइजी में निवेश किया था और वह सह मालिक बने थे। श्रीलंकाई पुलिस के अनुसार कालरा पर टूर्नामेंट के सिलसिले में पैसे का लालच देकर एक खिलाड़ी को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप है।

श्रीलंका के खिलाड़ियों ने दर्ज करवाई शिकायत

जांचकर्ताओं ने बताया कि खिलाड़ी ने लगभग 10 दिन पहले संपर्क किए जाने के बाद अधिकारियों को सूचित किया था जिसके बाद शुक्रवार को यह गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने बताया कि श्रीलंका के खिलाड़ी भानुका राजपक्षे, अविष्का फर्नांडो और डुनिथ वेलालागे ने शिकायत दर्ज कराई थी। ये तीनों खिलाड़ी जाफना किंग्स फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हैं। यह गिरफ्तारी एलपीएल 2026 के पहले दिन हुई जब जाफना किंग्स की टीम गॉल गैलेंट्स से मैच खेल रही थी।

पांच टीम वाले इस टूर्नामेंट में 24 मैच खेले जाएंगे और यह आठ अगस्त को खत्म होगा। एलपीएल में पिछले कुछ समय से मैच फिक्सिंग, रिश्वत देने और भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। इस साल की शुरुआत में श्रीलंका की एक अदालत ने एक अन्य एलपीएल फ्रेंचाइजी के मालिक को चार साल की जेल की सजा सुनाई थी और उन पर जुर्माना भी लगाया गया था। उनके ऊपर एक खिलाड़ी को सट्टेबाजी की गतिविधियों के लिए शामिल करने की कोशिश करने की बात स्वीकार की थी।

इस मामले के बाद श्रीलंका क्रिकेट ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। बोर्ड ने कहा है कि टूर्नामेंट बिना किसी रुकावट के तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। लंका प्रीमियर लीग का यह सीजन 17 जुलाई से 8 अगस्त तक जारी रहेगा।

IND U19 vs SL U19: कप्तान यश के 4 विकेट, फिर भी नहीं जीत पाई भारतीय टीम; पहला टेस्ट मैच ड्रॉ

इंडिया अंडर 19 और श्रीलंका अंडर 19 की टीमों के बीच खेला जा रहा पहला अनाधिकारिक टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ है। इस मुकाबले के आखिरी घंटे में रोमांच चरम पर था लेकिन कप्तान यश के चार विकेट रंग नहीं ला पाए। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर