वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 (WCL) के 15वें मुकाबले में इंडिया चैंपियंस टीम का बुरा हाल देखने को मिला है। यह मुकाबला सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिहाज से भारतीय टीम के लिए करो या मरो वाला है। अगर यह मैच टीम हारी तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। वेस्टइंडीज चैंपियंस के खिलाफ युवराज सिंह की कप्तानी वाली इंडिया चैंपियंस 20 ओवर में 8 विकेट पर सिर्फ 110 रन ही बना पाई।

भारतीय ओपनर नमन ओझा और तीसरे नंबर के बल्लेबाज अंबाती रायडू इस अहम मुकाबले में खाता भी नहीं खोल पाए। वहीं कप्तान युवराज सिंह ने पिछले मैच में डक के बाद यहां भी निराश किया और सिर्फ 4 रन ही बना पाए। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने 16 गेंद पर 19 रन बनाते हुए अच्छी शुरुआत की लेकिन वह भी बड़ी पारी खेलने में नाकामयाब रहे।

स्टुअर्ट बिनी (1) और युसुफ पठान (11) भी भारतीय पारी को नहीं संभाल पाए। 6.2 ओवर में 28 रन पर ही आधी भारतीय टीम पवेलियन लौट गई थी। इसके बाद ऋषि धवन ने एक छोर संभाला और युसुफ पठान के साथ पहले छठे विकेट के लिए 19 रन और फिर 7वें विकेट के लिए पीयूष चावला (7) के साथ 14 रनों की साझेदारी की। 61 रन पर इंडिया चैंपियंस ने 7 विकेट गंवा दिए थे।

धवन-हरभजन ने बचाई लाज

इस मुकाबले में एक वक्त ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम ना ही पूरे 20 ओवर खेल पाएगी और ना ही 100 रन तक पहुंच पाएगी। ऋषि धवन एक छोर पर डटे थे और उनका साथ दिया दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने। धवन ने 32 गेंद पर 34 रन बनाए और भज्जी के साथ 38 रन की उपयोगी साझेदारी की। हरभजन 24 गेंद पर 28 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और एक छक्का लगाया।

वेस्टइंडीज के लिए रेयाद एमरिट ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं रेमन रीफर ने 4 ओवर में 27 रन देकर 1 और शेल्डन कॉटरेल ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिया। जबकि कार्लोस ब्रेथवेट, निकिटा मिलर को भी 1-1 सफलता मिली। अब भारतीय गेंदबाजों के भरोसे यह मैच है। इंडिया चैंपियंस अगर हारी तो टूर्नामेंट से बाहर होगी, वेस्टइंडीज हारी तो वो भी बाहर हो सकती है।

एबी डिविलियर्स-पीयूष चावला नंबर 1, रिचर्ड लेवी टॉप 3 से बाहर; साउथ अफ्रीका-इंग्लैंड मैच के बाद WCL 2026 के शीर्ष 5 बल्लेबाज-गेंदबाज

WCL 2026 में साउथ अफ्रीका चैंपियंस और इंग्लैंड चैंपियंस मैच के बाद भी टॉप 5 बल्लेबाजों में एबी डिविलियर्स का जलवा है और वह नंबर 1 पर काबिज हैं। वहीं गेंदबाजों की लिस्ट में पीयूष चावला नंबर 1 पर हैं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर