श्रीलंका ए ने त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला के रोमांचक मुकाबले में सोमवार (15 जून) को दाम्बुला में इंडिया ए को सुपर ओवर में हरा दिया। श्रीलंका ए के तेज गेंदबाज कुगाथस मथुलन ने दबाव में भी शांत रहकर वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे की खतरनाक भारतीय जोड़ी के खिलाफ सुपर ओवर में 16 रन बचा लिए जिसके बाद माहौल गरमा गया।
मैच के रोमांचक अंत के बाद वैभव सूर्यवंशी को श्रीलंका के एक खिलाड़ी को धक्का देते हुए भी देखा गया, जिससे दोनों के बीच शारीरिक टकराव भी हुआ। हालांकि, यह हैरानी भरा रहा कि सूर्यवंशी ने सुपर ओवर की पहली गेंद का सामना नहीं किया। नियमित ओवरों में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद खान ने अंतिम ओवर में कई स्टीक यॉर्कर डालकर मुकाबले को टाई कराया। अंतिम ओवर में आउट होने वाले सदीरा समरविक्रम (91) ने इससे पहले श्रीलंका को जीत की दहलीज पर पहुंचाया।
तिलक वर्मा की अंपायरों से बहस
आईपीएल में गुजरात टाइटंस की ओर से खेलने वाले अरशद ने अंतिम ओवर में सिर्फ चार रन दिए जबकि मेजबान टीम को जीत के लिए पांच रन की जरूरत थी। मैच टाई होने के बाद खेल के नतीजे को लेकर उलझन की स्थिति बन गई थी। इंडिया ए के कप्तान तिलक वर्मा की अंपायरों से बहस हुई। खेल सुपर ओवर में गया।
अरशद का सुपर ओवर काफी महंगा
काफी सोच-विचार के बाद अंपायरों ने अपना फैसला बदला और मैच को सुपर ओवर में ले जाने का निर्णय लिया। हालांकि, अरशद का सुपर ओवर काफी महंगा साबित हुआ। उन्होंने एक वाइड और एक नो बॉल सहित कुल 16 रन दिए। कुगाथस दबाव में भी शांत रहे और भारतीय जोड़ी को सिर्फ नौ रन पर रोक दिया।
श्रीलंका ए का अच्छा प्रदर्शन
इससे पहले सूर्यवंशी (14 गेंद में 21 रन) एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे, लेकिन ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे (66 गेंद में 72 रन) और विप्रज निगम (49 गेंद में 51 रन) ने अर्धशतक जड़कर मेहमान टीम का स्कोर 265 रन तक पहुंचाया। श्रीलंका ए ने श्रृंखला के पहले मैच में अंतिम लम्हों में खराब बल्लेबाजी करके जीत इंडिया ए को तोहफे में दी थी, लेकिन इस बार बेहतर प्रदर्शन किया।
तिलक-ऋतुराज की अर्धशतकीय साझेदारी
अफगानिस्तान ए के खिलाफ भी शिकस्त झेलने वाले इंडिया ए की यह दूसरी हार है। सूर्यवंशी ने तेज गेंदबाज चमिका गुनाशेखर पर छक्के और दो चौकों के साथ शुरुआत की, लेकिन ऑफ स्पिनर साहन अराचिगे की गेंद पर प्वाइंट पर कैच दे बैठे। कप्तान तिलक वर्मा (23) और फॉर्म में चल रहे उप कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (32) ने तीसरे विकेट के लिए नौ ओवर में 52 रन की साझेदारी की, लेकिन धीमी पिच पर श्रीलंका के स्पिनरों के बीच के ओवरों में शानदार गेंदबाजी की।
इंडिया ए ने लगातार विकेट गंवाए
इंडिया ए ने दो विकेट पर 91 रन बनाकर अच्छी स्थिति में दिख रही थी। इसके बाद उसने लगातार विकेट गंवाए। ऑफ स्पिनर विजयकांत व्यासकांत ने गायकवाड़ को एलबीडब्ल्यू करके भारत को तीसरा झटका दिया। तिलक भी इसके बाद कुगाथस मथुलन की गेंद पर प्वाइंट पर कैच देकर पवेलियन लौट गए।
शेडगे-विप्रज की शानदार बल्लेबाजी
मुंबई के शेडगे और उत्तर प्रदेश के विप्रज ने इसके बाद पारी को संभाला। घरेलू क्रिकेट में अपनी टीमों के लिए सीमित ओवरों के टूर्नामेंट में प्रभावी प्रदर्शन करने वाले शेडगे और विप्रज ने एक बार फिर अपनी क्षमता का परिचय दिया। शेडगे ने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के मारे जबकि विपराज ने छह चौके जड़े। दोनों ने स्ट्राइक रोटेट करने के अलावा खराब गेंदों को सबक सिखाने में भी कोताही नहीं बरती।
इंडिया ए- 49.2 ओवर में 265 रन।
श्रीलंका ए- 50 ओवर में 9 विकेट पर 265 रन।
तिलक वर्मा की अंपायर से क्यों हुई बहस
तिलक वर्मा की अंपायर से बहस चमिका करुणारत्ने के शॉट खेलने को लेकर हो रही थी। इंडिया ए टीम का मानना था कि करुणारत्ने ने आखिरी गेंद पर शॉट नहीं खेला था। हालांकि, अंपायरों का मानना था कि चमिका ने शॉट खेला था। पूरी खबर पढ़ें।
