इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच जारी दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया है। भारतीय बल्लेबाज साई सुदर्शन ने लगातार दूसरे मैच में शतक जड़ा और 104 रन बनाकर नाबाद हैं। जबकि देवदत्त पडिक्कल भी शतक के करीब हैं 94 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों के बीच दूसरे विकेट के लिए 181 रन की पार्टनरशिप अभी तक हो चुकी है। दूसरे दिन के अंत तक भारत ने 1 विकेट पर 247 रन बनाए।

दूसरे दिन के खेल की बात करें तो श्रीलंका ए की टीम 366 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। भारतीय टीम के लिए सारांश जैन और गुरनूर बराड़ ने 4-4 विकेट झटके। इसके अलावा यश ठाकुर को भी दो सफलताएं मिली थीं। आकिब नबी दार को इस पारी में एक भी विकेट नहीं मिला। श्रीलंका ए के लिए कप्तान सहन अरचचिगे ने 127 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी।

साई सुदर्शन का लगातार दूसरा शतक

इंडिया ए के लिए साई सुदर्शन ने लगातार दूसरा शतक लगाया है। पहले अनाधिकारिक टेस्ट मैच के बाद दूसरे मुकाबले में उन्होंने बेहतरीन शतकीय पारी खेली। इस मैच में इंडिया ए के लिए साई के साथ अमन मोखाडे ने पारी की शुरुआत की और 48 गेंद पर 38 रन बनाते हुए बेहतरीन शुरुआत की। मगर उनकी पारी लंबी नहीं हो पाई और वह केशरा नुवन्ता का शिकार बने।

साई सुदर्शन ने पहले अनाधिकारिक टेस्ट मैच में 132 रन की पारी खेली थी। जबकि देवदत्त पडिक्कल ने पहले मैच की दूसरी पारी में 67 रन बनाए थे। अब दूसरे टेस्ट मैच में वह शतक के करीब हैं। दोनों के बीच 301 गेंद पर 181 रन की पार्टनरशिप हो चुकी है। भारतीय टीम श्रीलंका ए के स्कोर से अभी 119 रन पीछे है और उसके 9 विकेट बाकी हैं। यानी इंडिया ए की टीम ने इस मुकाबले के दूसरे दिन के बाद मजबूत पकड़ बना ली है।

सारांश जैन-गुरनूर बरार की घातक गेंदबाजी; श्रीलंका ए ने इंडिया ए के खिलाफ बनाए 366 रन

इंडिया ए के खिलाफ श्रीलंका ए ने पहली पारी में 366 रन बनाए। इंडिया ए की तरफ से सारांश और गुरनूर ने शानदार गेंदबाजी की जबकि श्रीलंका के कप्तान ने शतकीय पारी खेली। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर