IND A vs SL A 2nd Test Match: श्रीलंका ए के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में भी इंडिया ए के ओपनर साई सुदर्शन का अच्छा प्रदर्शन जारी रहा। साई ने दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में अपनी टीम के लिए अर्धशतक लगाया और पहले विकेट के लिए अमन मोखाड़े के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दी। अमन मोखाड़े को दूसरे टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में आयुष पांडे की जगह मौका दिया गया। साई ने पहले टेस्ट मैच में भी टीम के लिए शतकीय पारी खेली थी।

साई सुदर्शन ने लगाया अर्धशतक

श्रीलंका ए के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में शतक लगाने के बाद साई सुदर्शन ने इस टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में अर्धशतक लगाया और खबर लिखे जाने तक वो 50 रन बनाकर क्रीज पर नाबाद थे। साई सुदर्शन ने अपना अर्धशतक इस मैच में 86 गेंदों पर पूरा किया और इस अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके भी लगाए। साई ने अपना अर्धशतक इस मैच में चौके के साथ पूरा किया और पहले विकेट के लिए उन्होंने अमन मोखाड़े के साथ मिलकर टीम के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी की। साई और अमन के बीच पहले विकेट के लिए 80 गेंदों पर 66 रन की पार्टनरशिप हुई।

अमन मोखाड़े ने खेली 38 रन की पारी

श्रीलंका ए के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन में बतौर ओपनर अमन मोखाड़े को शामिल किया गया था जिन्होंने पारी की शुरुआत साई के साथ की और उनकी शुरुआत भी काफी अच्छी रही। अमन ने काफी संयम से बैटिंग करते हुए अपनी पारी के दौरान कुछ बेहतरीन शॉट्स भी लगाए और उन्होंने 48 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 38 रन की पारी खेली। अमन लय में आ चुके थे और ऐसा लग रहा था कि वो एक बड़ी पारी खेलने में कामयाब हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। अमन का कैच केशारा नुवांथा की गेंद पर पवनथा ने लपक लिया और उनकी पारी का अंत हो गया।

श्रीलंका ए ने बनाए 366 रन

श्रीलंका ए की बात करें तो इस टीम ने पहली पारी में इंडिया ए के खिलाफ कप्तान सहान अराच्चिगे की 127 रन की पारी के दम पर 366 रन बनाए थे। भारत के लिए पहली पारी में गुरनूर बरार और सारांश जैन की गेंदबाजी काफी शनदार रही। गुरनूर ने पहली पारी में 22 ओवर में 77 रन देकर 4 विकेट लिए जबकि उनका इकानॉमी 3.50 का रहा। सारांश जैन की बात करें तो उन्होंने 30 ओवर में 92 रन देकर 4 विकेट झटके और उनका इकानॉमी रेट 3.10 का रहा। यश ठाकुर की भी गेंदबाजी अच्छी रही और उन्होंने भी 2 विकेट झटके।

वनडे में भारत का पहला शतक: कपिल देव ने 9 साल बाद खत्म किया था सूखा, 52 साल में 45 भारतीय लगा चुके हैं 333 सेंचुरी

भारत ने पहला वनडे मैच साल 1974 में खेला था और इसके 9 साल के बाद यानी साल 1983 में भारत की तरफ से पहला शतक इस प्रारूप में लगाने का कमाल कपिल देव ने किया था। भारत की तरफ से वनडे क्रिकेट में अब तक कुल 333 शतक लगाए जा चुके हैं। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)