कप्तान ध्रुव जुरेल के नाबाद 141 रन की मदद से इंडिया ए ने श्रीलंका ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार (26 जून) को अपनी पहली पारी छह विकेट पर 452 रन बनाकर समाप्त घोषित की। इसके बाद अंशुल कम्बोज (22 रन देकर एक विकेट) और यश ठाकुर (20 रन देकर एक विकेट) ने श्रीलंका ए को शुरुआती झटके दिए।
श्रीलंका की टीम ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 113 रन बनाए थे। वह अभी भारतीय टीम से 339 रन पीछे है। कम्बोज ने श्रीलंका के विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला (10) को शेख रशीद के हाथों कैच आउट करवाकर इंडिया ए को पहली सफलता दिलाई, जबकि ठाकुर ने पवनथा वीरसिंघे (11) को बोल्ड किया, लेकिन नुवानिदु फर्नांडो ने सकारात्मक इरादों के साथ बल्लेबाजी की।
फर्नांडो-बंडारा की 75 रन की अटूट साझेदारी
फर्नांडो अभी 65 रन बना कर खेल रहे हैं। दूसरे छोर पर एशेन बंडारा 18 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे। दोनों ने शुरुआती झटकों के बावजूद सहजता से बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए अभी तक 75 रन की अटूट साझेदारी कर ली है। जुरेल ने 215 गेंद पर नाबाद 141 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल है। उन्होंने अपनी पारी के दौरान धैर्य और आक्रामकता का अच्छा नमूना पेश किया।
साई सुदर्शन ने 132 रन बनाए
जुरेल ने दूसरे दिन अपनी पारी 68 रन से आगे बढ़ाई और अपने अर्धशतक को बड़े स्कोर में बदलने में कामयाब रहे। शेख रशीद ने 53 रन से आगे खेलते हुए 63 रन बनाए जिसमें पांच चौके शामिल हैं। भारतीय टीम ने पहले दिन चार विकेट पर 333 रन बनाए थे। उसकी तरफ से सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने 132 रन बनाए।
चमिका गुणसेकरा सबसे सफल गेंदबाज
आयुष पांडे (25), देवदत्त पडिक्कल (12) और ऋतुराज गायकवाड़ (22) अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहे। श्रीलंका की तरफ से चमिका गुणसेकरा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 84 रन देकर तीन विकेट लिए। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने रशीद के रूप में पारी का अपना दूसरा विकेट लिया और फिर विदर्भ के ऑलराउंडर हर्ष दुबे (30) को आउट किया। दुबे ने जुरेल के साथ छठे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी की। औकिब नबी को दूसरे दिन सात ओवर फेंकने के बावजूद कोई विकेट नहीं मिला। स्पिनर दुबे और सारांश जैन को भी पहले विकेट की तलाश है।
साई सुदर्शन के बाद कप्तान ध्रुव जुरेल भी चमके
श्रीलंका ए के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में इंडिया ए के लिए साई सुदर्शन के बाद टीम के कप्तान ध्रुव जुरेल ने भी शानदार शतक लगाया। ये उनके फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर का छठा शतक रहा। पूरी खबर पढ़ें।
