इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच मंगलवार 6 अक्टूबर 2026 से तीन मैचों की अनौपचारिक वनडे सीरीज की शुरुआत हुई। सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान विल सदरलैंड ने टॉस जीतते हुए पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारतीय गेंदबाज यश ठाकुर और अरशद खान ने कंगारू टीम के इस फैसले को गलत साबित करते हुए भारत को शुरुआती सफलताएं दिला दीं।

87 रन के स्कोर पर आधी कंगारू टीम पवेलियन लौट चुकी थी। मिच ओवन 10, सैम कोन्सटास 14, जोश फिलिप 2 के रूप में तीनों इंटरनेशनल खिलाड़ियों को यश और अरशद ने वापस पवेलियन भेज दिया था। 30 रन पर ऑस्ट्रेलिया ए ने अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। फिर लियाम स्कॉट 15 और निखिल चौधरी 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे।

87 रन पर 5 विकेट के बाद नाथन मैकस्वीना और कप्तान सदरलैंड ने पारी संभाली। दोनों ने छठे विकेट के लिए 141 रन की साझेदारी की। फिर सूर्यांश शेडगे ने कमाल शुरू किया और सदरलैंड को 77 रन के स्कोर पर आउट करते हुए यह साझेदारी तोड़ दी। मैकस्वीनी ने शतकीय पारी खेली और 135 गेंद पर 123 रन बनाए। इंटरनेशनल टीम के खिलाड़ी स्पेंसर जॉनसन अपना खाता भी नहीं खोल पाए। ऑस्ट्रेलिया ए की पूरी टीम 48.2 ओवर में 274 रन पर सिमट गई।

भारतीय गेंदबाजों ने किया कमाल

भारत के लिए गेंदबाजी में सूर्यांश शेडगे ने बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने 7 ओवर में 40 रन देकर चार विकेट लिए। वहीं यश ठाकुर ने 9 ओवर में 47 रन देकर तीन और अरशद खान ने 8.2 ओवर में 48 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। निशांत सिंधू ने 7 ओवर में 32 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया।

पहले अनौपचारिक वनडे के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

इंडिया ए: साई सुदर्शन, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रजत पाटीदार, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, अनुकूल रॉय, अरशद खान, यश ठाकुर।

ऑस्ट्रेलिया ए: सैम कोनस्टास, मिचेल ओवेन, जोश फिलिप (विकेटकीपर), नाथन मैकस्वीनी, लियाम स्कॉट, निखिल चौधरी, विल सदरलैंड (कप्तान), टॉड मर्फी, स्पेंसर जॉनसन, रिले मेरेडिथ, महली बियर्डमैन।

IND U19 vs AUS U19: ऑस्ट्रेलिया पर फिर मंडराया पारी की हार का खतरा, तन्मय ने झटके 10 विकेट; भारत की नजरें क्लीन स्वीप पर

इंडिया अंडर 19 ने पहले अनौपचारिक टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 को पारी और 48 रनों से मात दी थी। इसके बाद अब दूसरे मुकाबले में भी कंगारू टीम पर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है। तन्मय बलोदा ने भारतीय टीम के लिए मुकाबले में 10 विकेट झटक लिए हैं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर