ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में शुक्रवार (9 अक्टूबर) को इंडिया ए का शीर्ष क्रम बुरी तरह फ्लॉप रहा। 276 रनों के लक्ष्य के जवाब में 3 विकेट सिर्फ 30 रन पर गिर गए। देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़ और साई सुदर्शन कुछ खास नहीं कर पाए और पवेलियन लौट गए।

इंडिया ए को पहला झटका पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर लगा। देवदत्त पडिक्कल को स्पेंसर जॉनसन ने तनवीर संघा के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 10 गेंद पर 1 रन बनाए। अगला विकेट छठे ओवर की छठी गेंद पर लगा। तब इंडिया ए का स्कोर 26 रन था। ऋतुराज गायकवाड़ को रिले मैरिडिथ ने स्पेंसर जॉनसन के हाथों कैच कराया। उन्होंने 5 गेंद पर 3 चौके की मदद से 12 रन बनाए।

इंडिया ए के 3 विकेट 30 रन पर गिरे

इंडिया ए को तीसरा झटका 9वें ओवर की तीसरी गेंद पर लगा। तब इंडिया ए का स्कोर 30 रन था। साई सुदर्शन 29 गेंद पर 1 चौके की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 49.5 ओवर में 275 रन बनाए। मेहमान टीम के लिए सैम कोंस्टास और जोश फिलिप ने अर्धशतक जड़े।

पहले वनडे में भी फ्लॉप रहे थे तीनों खिलाड़ी

पहले वनडे में भी तीनों खिलाड़ियों का बल्ला नहीं चला था। साई सुदर्शन 1, देवदत्त पडिक्कल 0 और ऋतुराज गायकवाड़ 30 गेंद पर 15 रन बनाकर आउट हुए थे। इंडिया ए वह मैच 125 रनों से हार गई थी। 275 रनों के लक्ष्य के जवाब में इंडिया ए 31.4 ओवर में 149 रन पर आउट हो गई थी।

ऑस्ट्रेलिया ए ने इंडिया ए को दिया 276 का लक्ष्य

इंडिया ए के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 275 रन बनाए। इंडिया ए के लिए अरशद खान ने 3 और यश ठाकुर ने 2 विकेट झटके। पूरी खबर पढ़ें।