टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होना है। टूर्नामें के आगाज से पहले पाकिस्तान की ड्रामेबाजी बंद होने का नाम नहीं ले रही। पहले बांग्लादेश ने टूर्नामेंट के लिए भारत आने से इनकार किया तो आईसीसी ने उसे टूर्नामेंट से ही हटा दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश का सपोर्ट किया और फिर टीम का ऐलान करने में देरी की।
जब आईसीसी ने फटकार लगाई तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम का तो ऐलान कर दिया, लेकिन फिर 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बायकॉट करने की बात सामने आने लगी। अब इन सबके बीच चर्चा ये है कि पाकिस्तान क्रिकेट टी20 वर्ल्ड से हटने का फैसला कर सकता है। इन सबके बीच आइसलैंड क्रिकेट ने पाकिस्तान की इसी ड्रामेबाजी को लेकर उसके मजे लिए हैं।
क्या कहा है आइसलैंड क्रिकेट ने?
दरअसल, आइसलैंड क्रिकेट ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर चुटकी ली है। आइसलैंड क्रिकेट की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया है कि अगर 2009 की चैंपियन पाकिस्तान इस इवेंट से हटने का फैसला करती है तो वह उनकी जगह लेने के लिए तैयार है।
आइसलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है, “हमें सच में चाहिए कि पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप में अपनी भागीदारी पर जल्द ही फैसला करे। जैसे ही वह 2 फरवरी को हटने का फैसला करेंगे, हम कोलंबो की उड़ान भरने के लिए तैयार हैं, लेकिन 7 फरवरी को कोलंबो सही समय पर पहुंचने के लिए फ़्लाइट शेड्यूल एक लॉजिस्टिक मुद्दा है। हमारा ओपनिंग बल्लेबाज नींद न आने की बीमारी से जूझ रहा है।”
पाकिस्तान 2 फरवरी तक लेगा फैसला
टी20 वर्ल्ड कप में खेलने और भारत के खिलाफ मैच को लेकर पाकिस्तान का स्टैंड शुक्रवार तक क्लियर होगा। पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने सोमवार को प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात कर इस मुद्दे पर बात की थी।
इसके बाद नकवी ने ट्वीट कर कहा, ‘मेरी प्रधानमंत्री के साथ लंबी बैठक हुई और मैंने उन्हें आईसीसी मामले के बारे में बताया। उन्होंने निर्देश दिया कि हम सभी विकल्पों पर विचार करते हुए इसे सुलझाएं। यह तय हुआ कि आखिरी फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा।’
