इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की मंगलवार 24 मार्च 2026 को अपडेट हुई महिला रैंकिंग में कई खिलाड़ियों को फायदा हुआ है। ताजा महिला टी20 रैंकिंग में स्मृति मंधाना ने अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए दूसरे स्थान पर कब्जा बनाए रखा है। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को भी रैंकिंग में हल्की बढ़त मिली है। हरमनप्रीत कौर आईसीसी महिला T20I बैटर्स की ताजा रैंकिंग में 14वें स्थान पर पहुंच गईं। पहले वह 13वें स्थान पर थीं।

गेदंबाजी में स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा एक स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गईं। दीप्ति शर्मा ऑलराउंडर रैंकिंग में भी तीसरे स्थान पर पहुंच गईं। बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना के अलावा जोरदार शॉट लगाने के लिए मशहूर शेफाली वर्मा टॉप 10 में शामिल दूसरी भारतीय खिलाड़ी हैं। वह छठे स्थान पर बनी हुईं हैं। जेमिमा रोड्रिग्स संयुक्त रूप से 11वें स्थान पर हैं।

ऑस्ट्रेलियाई ओपनर जॉर्जिया वोल पहली बार बल्लेबाजी रैंकिंग के शीर्ष 10 में शामिल हो गईं, जबकि न्यूजीलैंड की स्टार सोफी डिवाइन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो अर्धशतक की मदद से सूची में दो पायदान ऊपर चढ़कर 18वां स्थान हासिल किया।

रैंकिंग के इस ताजा अपडेट में वेस्टइंडीज में हुई सीरीज के पहले दो मुकाबलों को भी शामिल किया गया है। इसमें रवांडा की 15 साल की फैनी उटागुशिमानिंदे भी 66वें स्थान पर रैंकिंग में शामिल हो गईं। वह टी20 इंटरनेशनल डेब्यू पर (घाना के खिलाफ) सेंचुरी बनाने वाली पहली महिला और इस फॉर्मेट में शतक लगाने वाली (महिला या पुरुष) दोनों में सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं।

2024 की आईसीसी इमर्जिंग प्लेयर ऑफ़ द ईयर रहीं एनेरी डर्कसेन, न्यूजीलैंड में सीरीज के चौथे मैच में 55 रन की नाबाद पारी खेलने के बाद 18 पायदान ऊपर चढ़कर 55वें स्थान पर पहुंच गईं। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एलिस पेरी (दो पायदान ऊपर चढ़कर 20वें स्थान पर) और वेस्टइंडीज़ की कियाना जोसेफ (14 पायदान ऊपर चढ़कर 33वें स्थान पर) ने बल्लेबाजी रैंकिंग में काफी सुधार किया।

वहीं मैडी ग्रीन (दो पायदान ऊपर चढ़कर 44वें स्थान पर) और स्टेफनी टेलर (दो पायदान ऊपर चढ़कर 48वें स्थान पर) ने भी अपनी रैंकिंग में बढ़त हासिल की। टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजी रैंकिंग में बाएं हाथ की स्पिनर नॉनकुलुलेको म्लाबा टॉप 10 में शामिल हो गईं।

तीन मैचों में पांच विकेट लेने के बाद से नॉनकुलुलेको म्लाबा 11वें स्थान से नौवें स्थान पर पहुंच गईं, जबकि ऑस्ट्रेलिया की लेग-स्पिनर जॉर्जिया वेयरहम दो मैचों में तीन विकेट लेकर 16वें स्थान से 12वें स्थान पर पहुंच गईं।

न्यूजीलैंड की जेस केर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले चार मैचों में आठ विकेट लेकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 15वीं रैंक हासिल की। अयाबोंगा खाका (पांच स्थान ऊपर चढ़कर 36वें स्थान पर) और किम गार्थ (35 स्थान ऊपर चढ़कर 44वें स्थान पर) ने भी रैंकिंग में सुधार किया है।