आईसीसी द्वारा मौजूदा हफ्ते की ताजा रैंकिंग बुधवार 4 मार्च को जारी कर दी गई हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर 8 में टीम इंडिया को शानदार जीत दिलाने वाले संजू सैमसन को 97 रन की पारी का नतीजा मिला है। वहीं लंबे समय से नंबर 1 टी20 बल्लेबाज बने अभिषेक शर्मा की बादशाहत पर अब खतरा मंडराने लगा है। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने अब उनके लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
वहीं पिछले कुछ मैचों से आउट ऑफ फॉर्म नजर आए कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी रैकिंग में नुकसान उठाना पड़ा है। साथ ही इशान किशन और तिलक वर्मा को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। दुनिया के टॉप 10 बल्लेबाजों में 4 भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं संजू सैमसन अब 65वें स्थान से सीधे 25 स्थान की छलांग लगाकर 40वें पायदान पर पहुंच गए हैं।
संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर 8 के आखिरी मैच में 50 गेंद पर 97 रन की नाबाद पारी खेली थी। उससे पहले इस वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 24 और नामीबिया के खिलाफ 22 रन उनके बल्ले से निकले थे। कुल मिलाकर वह अभी तक 3 पारियों में 143 रन बना चुके हैं। इसी का फायदा उन्हें आईसीसी की ताजा रैंकिंग में मिला है।
फरहान ने बढ़ाईं अभिषेक की मुश्किल
साहिबजादा फरहान विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन और दो शतक के बाद रैकिंग में जबरदस्त फायदा उठाया है। उन्होंने अब तीसरे से दूसरे स्थान तक छलांग लगा दी है। इतना ही नहीं अब उनके और अभिषेक शर्मा के रेटिंग पॉइंट्स में भी अंतर बहुत कम बचा है। अभिषेक के कुल 874 रेटिंग अंक हैं और वह टॉप पर काबिज हैं।
दूसरे स्थान पर पहुंचे फरहान के 848 रेटिंग अंक हैं। यानी फरहान अब सिर्फ 27 रेटिंग अंक ही अभिषेक से पीछे हैं। अभिषेक जिस मौजूदा फॉर्म से गुजर रहे हैं, उसको देख लगता नहीं है कि अब ज्यादा दिन तक शायद अभिषेक की नंबर 1 पोजीशन बरकरार रहने वाली है।
गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती का जलवा बरकरार
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए अभी तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले वरुण चक्रवर्ती टी20 इंटरनेशनल गेंदबाजों की रैंकिंग में टॉप पर बरकरार हैं। उनके बाद टॉप 7 में एकमात्र भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हैं जो अब 8वें से 7वें पायदान पर पहुंच गए हैं। जबकि वरुण के बाद दूसरे स्थान पर हैं राशिद खान और दोनों के बीच रेटिंग अंक का काफी कम अंतर है। वरुण के 771 रेटिंग अंक हैं तो राशिद के 753 पॉइंट्स हैं।
यह भी पढ़ें- SA vs NZ: 19 साल, 5 मैच और साउथ अफ्रीका से कभी नहीं जीत पाया न्यूजीलैंड; क्या सेमीफाइनल में बदलेगा परिणाम
यह भी पढ़ें-‘मौका कभी भी आ सकता है’: रोहित शर्मा की सलाह के बाद बदल गई संजू सैमसन की किस्मत, गले लगाकर बोले- दुखी मत हो भाई
