टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद आईसीसी द्वारा ताजा रैंकिंग 11 मार्च (बुधवार) को जारी कर दी गई हैं। भारतीय खिलाड़ियों को जहां फायदा हुआ है। वहीं लंबे समय बाद टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में नंबर 1 पर काबिज वरुण चक्रवर्ती की बादशाहत राशिद खान ने खत्म कर दी है। साथ ही बल्लेबाजों में अभिषेक शर्मा अभी भी नंबर 1 पर काबिज हैं। भारत के टॉप स्कोरर संजू सैमसन और इशान किशन को भी बंपर फायदा हुआ है।
इशान का जलवा, संजू का कमाल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 317 रन बनाने वाले इशान किशन अब अभिषेक शर्मा के बाद नंबर 2 स्थान पर आ गए हैं। इशान को दो स्थानों का फायदा हुआ है। वहीं साहिबजादा फरहान नंबर 3 और फिल साल्ट नंबर 4 पर खिसक गए हैं। अभिषेक के 875 रेटिंग पॉइंट्स हैं और इशान उनके बेहद करीब 871 रेटिंग अंक तक पहुंच गए हैं। अब भारत को लंबे समय तक कोई टी20 इंटरनेशनल नहीं खेलना है। ऐसे में अभिषेक को शायद इशान अब पीछे नहीं कर पाएंगे।
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 5 पारियां खेलकर 321 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बने। पिछले हफ्ते संजू 25 स्थान के फायदे के साथ 65 से 40वें स्थान पर आए थे। इस बार संजू को 18 स्थान का फायदा हुआ है और अब वह 22वें पायदान पर आ गए हैं। शिवम दुबे को भी 4 स्थान का फायदा हुआ और वह 31वें से 27वें स्थान पर पहुंचे। कप्ता सूर्यकुमार यादव को घाटा हुआ है और वह 7वें से 9वें पायदान पर लुढ़क गए। जबकि तिलक वर्मा को छठे से सातवें पर फिसलना पड़ा है।
वरुण चक्रवर्ती की बादशाहत खत्म
भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संयुक्त रूप से बुमराह के साथ सर्वाधिक 14 विकेट लेने वाले वरुण चक्रवर्ती को नुकसान उठाना पड़ा है। वरुण लंबे समय के बाद अब नंबर 1 पायदान गंवा चुके हैं और राशिद खान दुनिया के नए नंबर 1 टी20 गेंदबाज बने हैं। वरुण के अब 740 रेटिंग अंक हैं, जबकि राशिद 753 अंक के साथ टॉप पर काबिज हैं।
साथ ही फाइनल मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच बने जसप्रीत बुमराह एक स्थान के फायदे के साथ 7वें से छठे पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं अक्षर पटेल 6 स्थान के फायदे के साथ अब 17वें और अर्शदीप सिंह तीन स्थान के नुकसान के साथ 16वें पायदान पर हैं। भारतीय टीम वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट में नंबर 1 पर काबिज है। टेस्ट में टीम इंडिया चौथे स्थान पर है।
यह भी पढ़ें- ‘यह जीत 1983 और 2011 के सामने कुछ नहीं’: टी20 वर्ल्ड कप के बाद संजय मांजरेकर का बयान, कहा- सही नजरिए से देखें
यह भी पढ़ें- गौतम गंभीर ने बताया भारत के लिए क्या था इस वर्ल्ड कप का टर्निंग पॉइंट, धोनी की पोस्ट पर हेड कोच ने हंसकर दिया जवाब
