टी20 वर्ल्ड कप 2026 का काउंटडाउन जारी है और अब तीन दिन बाद महासंग्राम शुरू होने वाला है। उससे पहले 4 फरवरी बुधवार को आईसीसी द्वारा ताजा रैंकिंग जारी की गई हैं। इस रैंकिंग में वैसे तो पाकिस्तानी खिलाड़ियों को काफी फायदा हुआ है। सैम अय्यूब नंबर 1 ऑलराउंडर बन गए हैं, लेकिन बल्लेबाजी और गेंदबाजी में क्रमश: अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती की बादशाहत बरकरार है।

पाकिस्तानी खिलाड़ियों को फायदा

आईसीसी की ताजा रैंकिंग में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों की टॉप 10 लिस्ट में कई बदलाव हुए हैं। टॉप 10 गेंदबाजों की सूची में कई पाकिस्तानी खिलाड़ियों को फायदा मिला है। अबरार अहमद दो स्थान की छलांग के साथ वरुण चक्रवर्ती के बाद नंबर 2 पर गेंदबाजों की लिस्ट में आ गए हैं। वहीं मोहम्मद नवाज आठ स्थान की छलांग के साथ सातवें पायदान पर पहुंच गए हैं।

वहीं ऑलराउंडर्स की लिस्ट में सैम अय्यूब वापस नंबर 2 से नंबर 1 पर पहुंच गए हैं। वहीं मोहम्मद नवाज ऑलराउंडर्स की लिस्ट में भी एक स्थान के फायदे के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। टॉप 10 बल्लेबाजों में साहिबजादा फरहान अकेले पाकिस्तानी बल्लेबाज हैं और अब वह 5वें से सातवें स्थान पर खिसक गए हैं।

अभिषेक नंबर 1, सूर्यकुमार यादव को भी फायदा

भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो टॉप 10 में अभिषेक शर्मा नंबर 1 की पोजीशन पर बरकरार हैं। वहीं सूर्यकुमार यादव को एक स्थान का फायदा हुआ है और वह अब छठे स्थान पर आ गए हैं। इंजरी के कारण बाहर रहे तिलक वर्मा को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह तीसरे से चौथे स्थान पर खिसक गए हैं।

ऑलराउंडर्स की लिस्ट में हार्दिक पंड्या तीसरे स्थान पर हैं। वहीं दो स्थान की छलांग के साथ शिवम दुबे ने टॉप 10 में एंट्री कर ली है। शिवम 9वें स्थान पर आ गए हैं। गेंदबाजों की सूची में वरुण टॉप 10 में एकमात्र भारतीय हैं। जबकि अक्षर पटेल 17वें, जसप्रीत बुमराह 15वें और अर्शदीप सिंह 14वें स्थान पर मौजूद हैं।

यह भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप: 100% होगा भारत-पाक मैच, अश्विन ने बताया क्यों पीछे हटेगा पाकिस्तान

यह भी पढ़ें: भारत बनाम साउथ अफ्रीका टी20 वर्ल्ड कप वार्म अप मैच, ऐसे देखें लाइव स्ट्रीमिंग