इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 25-27 मार्च को कतर के दोहा में होने वाली बैठक को ईरान-इजरायल युद्ध को देखते हुए टाल दी है। उम्मीद है कि मीटिंग अप्रैल में हो सकती है। हालांकि, नई तारीखों का अभी तक ऐलान नहीं हुआ है। पश्चिम एशिया में युद्ध की वजह से बैठक का टलना तय था। अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से एक दिन पहले शनिवार (7 मार्च) को आईसीसी के सदस्यों को एक औपचारिक संदेश भेजा गया।

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी बैठक के लिए एशिया में ही दूसरी जगह ढूंढ रहा है। आईसीसी की इस बैठक में अभी और भविष्य से जुड़े जरूरी मामलों पर चर्चा होनी थी। आईसीसी ने 22 फरवरी को एक रिलीज में कहा था कि दोहा में मीटिंग करने का फैसला कतर में क्रिकेट और देश के बड़े स्पोर्टिंग इकोसिस्टम के साथ आईसीसी के बढ़ते जुड़ाव की वजह से किया गया।

फाइनल देखने आ सकते हैं न्यूजीलैंड क्रिकेट

इस बीच भारत-न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान आईसीसी के कई पदाधिकारियों के अहमदाबाद में होने की उम्मीद है, जो आईसीसी के चेयरमैन जय शाह का गृहनगर है। न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) के अध्यक्ष रोजर ट्वोस रविवार रात नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो सकते हैं।

बीसीबी और पीसीबी के अध्यक्ष नहीं होंगे उपलब्ध

जिम्बाब्वे क्रिकेट (ZC) के अध्यक्ष तवेंग्वा मुकुहलानी और क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) के चेयरमैन डॉ. मोहम्मद मूसाजी के भी अन्य दूसरे बोर्ड प्रतिनिधियों के साथ मौजूद रहने की उम्मीद है। हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के बैठक में शामिल होने की कोई जानकारी नहीं है। माना जा रहा है कि वह मेलबर्न में हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोशसिन नकवी यहां नहीं होंगे।

यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल: मिथकों को तोड़ने उतरेगा भारत, चोकर्स के तमगे से बचना चाहेगा न्यूजीलैंड

यह भी पढ़ें: ‘कुछ तो नया बोलो’, मिचेल सैंटनर को सूर्यकुमार यादव ने दिया जवाब